
राजस्थान की गर्म हवाओं ने झुलसाया। पत्रिका फाइल फोटो
CG Heatwave Alert: राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने धमतरी जिले में गर्मी को असहनीय बना दिया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोग दिनभर बेहाल रहे। रविवार सुबह 10 बजे तक तापमान सामान्य रहा, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद सूरज की तपिश अचानक तेज हो गई और पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
दिनभर करीब 27 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी बीते एक सप्ताह में दिन और रात के तापमान में लगभग 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 29 डिग्री तक पहुंच गया है। यह बदलाव ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभाव की ओर संकेत कर रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से लेकर जून के पहले सप्ताह तक गर्मी और तेज हो सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनने की संभावना है। ऐसे में इस साल पिछले 10 से 15 वर्षों का तापमान रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, एक दो दिनों में गर्मी और तेज होने वाली है। अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 14 अप्रैल से कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में अब भी तापमान 20 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट नहीं है।
भीषण गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 500 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। इनमें पेट दर्द, उल्टी, सर्दी-खांसी और लू से संबंधित मरीजों की संख्या ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग ने लू से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। अस्पताल में ओआरएस पाउच का निशुल्क वितरण किया जा रहा है और लू प्रभावित मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है।
जिला अस्पताल के मेडिकल विशेषज्ञ डॉ विकास साहू का कहना है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के कपड़े पहनें। लापरवाही भारी पड़ सकती है। उन्होंने घर से निकलते समय सिर को ढंककर, चश्मा, टोपी लगाकर निकलने की सलाह दी है, जिससे लू से बचा जा सके।
Updated on:
13 Apr 2026 08:27 pm
Published on:
13 Apr 2026 08:26 pm
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
