4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Dhamtari News: धमतरी में 38 करोड़ की लागत से बनेगा 5 नई बिल्डिंग, फ्री में होगा 133 प्रकार के एडवांस जांच

Dhamtari News: करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से नई बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा, जिससे अस्पताल की क्षमता और चिकित्सा सेवाओं में बड़ा विस्तार होगा।

3 min read
Google source verification

धमतरी

image

Love Sonkar

Jun 04, 2026

Dhamtari News

38 करोड़ की लागत से बनेगा 5 नई बिल्डिंग (Photo Patrika)

Dhamtari News: धमतरी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने वाला है। धमतरी जिला अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस सुपर हेल्थ हब के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। विस्तार योजना पूरी होने के बाद अस्पताल की क्षमता 250 से बढक़र 450 बिस्तरों तक पहुंच जाएगी। इसके साथ ही मरीजों को कई ऐसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी, जिनके लिए अब तक रायपुर और बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था।

Dhamtari News: कलेक्टर का औचक निरीक्षण

बुधवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण कार्यों, ट्रॉमा सेंटर और अटल आरोग्य लैब की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अस्पताल से जुड़े सभी अधूरे कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बेसिक ट्रामा यूनिट में कलेक्टर ने इलाज के लिए भर्ती हुए ग्राम पोटियाडीह निवासी 13 वर्षीय बालक लोकेश देवांगन का हालचाल पूछा। लोकेश ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान उसके आंख में चोट आई है।

कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर ने डाक्टरों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। स्टेशन पारा निवासी लक्ष्मी बाई, जानकी बाई नौनिहाल को लेकर अस्पताल पहुंची थी। कलेक्टर ने उनसे बच्चों का नाम और अस्पताल आने का कारण पूछा। महिलाओं ने बताया कि बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड नहीं बना है। टीकाकरण भी नहीं हुआ है। कलेक्टर ने महिलाओं को बच्चों का समय पर अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने की बात कही। साथ ही जन्म प्रमाण पत्र और आधार बनाने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

हाईटेक लैब में हर दिन होगी 1000 जांच

इस दौरान ट्रामा यूनिट में बने अटल आरोग्य लैब का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ आदित्य सिन्हा ने बताया कि जिला अस्पताल में अत्याधुनिक एवं पूर्णत: स्वचलित अटल आरोग्य लैब की शुरुआत हो चुकी है। वर्तमान में यहां 94 प्रकार की जांचें की जा रही है, जबकि आगामी दिनों में यह संख्या बढक़र 133 हो जाएगी। लैब में सीरोलॉजी, हीमेटोलॉजी, इम्यूनोएसे, हार्मोन एनालाइजर, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर और क्लीनिकल पैथोलॉजी जैसी उन्नत जांचें निशुल्क उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों का आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर बीमारी की पहचान संभव हो सकेगी। बताया गया कि लैब में प्रतिदिन 1000 जांच की क्षमता है। वर्तमान में १७० लोगों की जांच हो रही है। रिपोर्ट सीधे मरीजों के मोबाइल पर भेजी जाएगी।

पार्किंग की होगी विशेष व्यवस्था

बढ़ते मरीज भार को देखते हुए अस्पताल में 200 नए बेड जोड़े जाएंगे। इसके लिए चिन्हित भूमि पर जी+5 (छह मंजिला) भवन का निर्माण प्रस्तावित है। योजना पूरी होने के बाद अस्पताल की कुल क्षमता 450 बिस्तरों की हो जाएगी, जो इसे प्रदेश के प्रमुख जिला अस्पतालों में शामिल करेगी। नए बिल्डिंग के लिए ३३१६ वर्गफीट भूमि चिन्हांकित किया गया है। इसमें से २७९६ में कंट्रक्शन होगा। अस्पताल के पीछे १ इमरजेंसी और १ प्रवेश द्वार होगा। इसके अलावा एक अलग से निकासी द्वार भी बनाया जाएगा। अस्पताल परिसर के ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग की व्यवस्था होगी।

15 दिन के भीतर पूर्ण करें कार्य: कलेक्टर

कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की जा रही है। हाल ही में मेडिसिन विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ और दो पैथोलॉजिस्ट ने सेवाएं शुरू की हैं। इसके अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की भी पदस्थापना की जा रही है। लिफ्ट, ऑपरेशन थिएटर, एमसीएच यूनिट और अन्य निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल को पूर्ण रूप से हाईटेक किया जा रहा है। आने वाले समय में यह अस्पताल सिर्फ धमतरी ही नहीं आसपास जिलों के लिए भी प्रमुख अस्पताल साबित होगा।

ट्रॉमा सेंटर और सुपर स्पेशलिटी सुविधाओं का होगा विस्तार

करीब 6.50 करोड़ रुपए की लागत से विकसित ट्रॉमा सेंटर का संचालन शुरू हो चुका है। अब इसके दूसरे चरण में हाईटेक ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य सुविधाएं भी शुरू की जा रही हैं। अस्पताल में भविष्य की जरूरतों को देखते हुए कई विशेष इकाइयों का भी विकास किया जा रहा है, जिसमें 50 बिस्तरों का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र, नवजात शिशुओं के लिए हाई केयर यूनिट (एचसीयू), 40 बिस्तरों का आधुनिक आई हॉस्पिटल, उन्नत सुविधाओं वाला ब्लड बैंक, विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

सिविल सर्जन को जांच के निर्देश

जिला अस्पताल में पदस्थ एक डाक्टर द्वारा लापरवाही की बार-बार शिकायत मिलने को भी कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सिविल सर्जन डॉ एके टोंडर को शिकायत पर जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा है। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर उक्त डाक्टर पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।