11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CG News: 20 घंटे बाद रुद्री नहर से बरामद हुआ किशोर का शव, उत्तरप्रदेश से चादर-गलीचा बेचने धमतरी आया था परिवार

CG News: रुद्री पुलिस सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया।

3 min read
Google source verification

धमतरी

image

Love Sonkar

Apr 11, 2026

CG News: 20 घंटे बाद रुद्री नहर से बरामद हुआ किशोर का शव, उत्तरप्रदेश से चादर-गलीचा बेचने धमतरी आया था परिवार

नहर में शव की तलाश करते गोताखार परिवार कर रहा इंतजार (Photo Patrka)

CG News: धमतरी जिले के रुद्री थाना क्षेत्र स्थित मुख्य नहर में नहाने उतरे 16 वर्षीय किशोर समीर हसन पानी के तेज बहाव में आकर बह गया। घटना के करीब 20 घंटे बाद नाबालिग का शव बरामद किया गया। किशोर का शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ मिला, जिसे गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कुछ युवक इन दिनों धमतरी प्रवास पर हैं और शहर के अंबेडकर चौक के पास रुके हुए हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10.30 सिरोज खान, अरमान अली, फैजान अंसारी, समीर हसन, गुल हसन, मो समीर, आरजू, लुडू सभी बच्चे भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए एक ऑटो में सवार होकर रुद्री मुख्य नहर पहुंचे थे। नहाने के दौरान समीर हसन को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया और संतुलन बिगडऩे के कारण बह गया।

इधर हादसे की सूचना मिलते ही रुद्री पुलिस सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी और डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने घटनास्थल का मुआयना किया और स्थिति का जायजा लिया। सीएसपी ने बताया कि समीर को ढूंढने के लिए एचडीआरएस, रूद्री और अर्जुनी पुलिस की 2-2 टीमें लगाई गई है।

दोपहर 12 बजे तक रूद्री बैरॉज के आसपास गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कुछ पता नहीं चलने पर सेहराडबरी के पास अभियान चलाया गया, लेकिन शाम 6 बजे तक बच्चे का कुछ पता नहीं चल पाया है। ऐसे में आगे नहर में रेस्क्यू अभियान चलाकर खोजबीन की जा रही है। अब शनिवार सुबह रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।

धीर-धीरे पानी को कम किया गया

रूद्री मुख्य नहर में निस्तारी पानी छोडऩे से नहर में पानी की धार तेज है। सुबह 7 बजे मुख्य नगर से 3507 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। नाबालिग बच्चे की डूबने की सूचना पर दोपहर 12 बजे पानी की मात्रा घटाकर 3250 क्यूसेक किया गया। 12.30 बजे 3098 क्यूसेक, दोपहर 1 बजे 2955 क्यूसक और दोपहर 2.30बजे 2500 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। शाम 6 बजे की स्थिति में 1800 क्यूसेक पानी की मात्रा घटाकर 1700 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था। शनिवार को जब नहर में पानी का स्तर थोड़ा कम हुआ और बहाव धीमा पड़ा, तब उसका शव नवनिर्मित पुल के नीचे फंसा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और वरदान एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल के मरचूरी में शिफ्ट कराया गया।

सीएसपी ने घटना की पुष्टि

सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रुद्री बैराज के पास नहर में नहाते समय एक बच्चा बह गया था, जिसका शव बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव पुलिस लाइन के पीछे नहर के एक कनाल के नीचे फंसा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नहर और बैराज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

परिवार करता रहा इंतजार

इधर घटना की जानकारी मिलने पर समीर के चाचा बुद्धन, भाई मो समसूल, भाभी अरसाना दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक रूद्री नहर के किनारे बैठकर समीर के मिलने का इंतजार करते रहे। परिजनों ने बताया कि वे ग्राम व थाना पाली जिला हरदोई के रहने वाले हैं। गर्मी के सीजन में वे चादर, गलीचा और सोफा बेचने के लिए पहली बार धमतरी आए हैं। अचानक हुए इस घटना से परिवार परेशान हैं।

चेतावनी बोर्ड को किया जा रहा नजर अंदाज

रुद्री नहर क्षेत्र में पहले भी इस तरह के हादसे हो चुके हैं। पर्यटकों और बाहर से आने वाले लोगों को नहर की गहराई और बहाव की गति का अंदाजा नहीं होता, जो जानलेवा साबित होता है। सिंचाई विभाग द्वारा रूद्री बैरॉज के गेट के पास दो चेतावनी बोर्ड भी लगा रखे है, जिसमें स्पष्ट लिखा है कि पानी की मात्रा ज्यादा होने पर बैराज के गेट के पास स्नान करें। इसके बाद भी बच्चे समेत खतरे से खेल रहे हैं।