
Dhamtari Gangrel Madai 2026: छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम एक बार फिर गंगरेल स्थित प्रसिद्ध मां अंगारमोती धाम में देखने को मिला। शुक्रवार को यहां 49वीं ऐतिहासिक मड़ई का आयोजन किया गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में देवी-देवताओं के जयकारे, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और लोक संस्कृति की छटा देखने को मिली। इस आयोजन के साथ ही क्षेत्र में मड़ई-मेला उत्सव की औपचारिक शुरुआत भी हो गई।
मड़ई में धमतरी, बालोद और कांकेर सहित आसपास के 52 गांवों के देवी-देवताओं के विग्रह शामिल हुए। गांवों के बैगा और आंगा देव पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ धाम पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन के बीच देवी-देवताओं का आगमन हुआ। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक तरीके से देवी-देवताओं का स्वागत और पूजा-अर्चना की।
इस मड़ई का सबसे खास और भावुक दृश्य वह रहा, जब 500 से अधिक सुहागिन महिलाओं ने मां अंगारमोती के दरबार में दंडवत होकर अपनी मन्नतें मांगीं। महिलाएं मंदिर परिसर में जमीन पर लेट गईं और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुईं। इस दौरान पुजारियों के उनके ऊपर से गुजरने की सदियों पुरानी परंपरा निभाई गई। स्थानीय मान्यता के अनुसार, इस अनुष्ठान में शामिल होने से महिलाओं की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। खासकर संतान सुख की कामना लेकर पहुंचने वाली महिलाएं इस परंपरा में हिस्सा लेती हैं। मान्यता है कि मां अंगारमोती के दरबार में दंडवत फरियाद लगाने और इस धार्मिक प्रक्रिया से सूनी गोद भर जाती है। इसी विश्वास के चलते हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं यहां पहुंचती हैं।
गंगरेल की अंगारमोती मड़ई केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध आदिवासी लोक संस्कृति और परंपराओं का भी प्रतीक है। इस आयोजन में आसपास के गांवों के देवी-देवताओं का एक स्थान पर जुटना विशेष महत्व रखता है। बैगा और आंगा देव की उपस्थिति में पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया जाता है। मड़ई के दौरान ग्रामीण अंचलों की सांस्कृतिक विरासत भी जीवंत हो उठती है। पारंपरिक वेशभूषा, वाद्ययंत्रों की धुन और धार्मिक मान्यताओं के बीच पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो जाता है। दूर-दराज के गांवों से श्रद्धालु मां अंगारमोती के दर्शन और मन्नत मांगने पहुंचते हैं।
गंगरेल स्थित मां अंगारमोती धाम की ऐतिहासिक मड़ई का क्षेत्रीय स्तर पर विशेष महत्व है। इसे धमतरी और आसपास के इलाकों में मड़ई-मेला उत्सव की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस आयोजन के बाद अलग-अलग गांवों में पारंपरिक मड़ई और मेलों का सिलसिला शुरू होता है। 49वीं मड़ई में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि आधुनिकता के दौर में भी छत्तीसगढ़ की लोक आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं की जड़ें कितनी मजबूत हैं।