BJP vs Congress: धमतरी जिले में नगर निगम में डीजल घोटाले के आरोप के बाद सुलगी आग अब धधकने लगी है। गुरूवार को भाजपा पार्षदों ने इस मामले को लेकर कोतवाली में शिकायत की थी।
BJP vs Congress: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नगर निगम में डीजल घोटाले के आरोप के बाद सुलगी आग अब धधकने लगी है। गुरूवार को भाजपा पार्षदों ने इस मामले को लेकर कोतवाली में शिकायत की थी। शुक्रवार को कांग्रेसियों ने भी थाने में लिखित शिकायत कर 5 दिन के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया है।
इधर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने शुक्रवार को गांधी मैदान में प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नगर निगम में पहली बार डीजल घोटाले का दाग लगा है। नगर निगम के 144 साल के इतिहास में एक बार कांग्रेस को सत्ता का मौका मिला। शेष में भाजपा की ही सरकार रही है। शहर में भी इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा है।
कांग्रेसियों का कहना है कि डीजल घोटाले की जानकारी उन्हाेंने निगम से ही आरटीआई के तहत प्राप्त की है। मामले की जांच कराना छोड़ उल्टे कांग्रेस के ऊपर कार्रवाई की मांग कर रहे। थाना पहुंचे निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, जिला युवा कांग्रेस धमतरी के महासचिव गीतराम सिन्हा ने कहा कि निगम से आरटीआई से मिले प्रमाणित दस्तावेज के आधार पर ही डीजल घोटाले का खुलसा किया है।
निगम को इसकी जांच करानी चाहिए। जांच कराने के बजाए भाजपाई राजनीति कर रहे हैं। गुरूवार को भाजपाईयों ने कोतवाली थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उस बाइक की जानकारी मांगी गई थी, जिसके नाम पर डीजल निकाला गया। इस बाइक की भी जानकारी प्रमाणित दस्तावेज के साथ कोतवाली प्रभारी को सौंप दिए हैं।
अब निगम प्रशासन को इसमें दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्हाेंने कहा कि यदि 5 दिन के भीतर निगम डीजल घोटाला करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराती है तो कांग्रेस द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद रामेश्वरी कोसरे, सुमन मेश्राम, पूर्णिमा रजक, कमलेश सोनकर, राजेश ठाकुर, राजेश पांडे, अविनाश मारोठे, आकाश गोलछा, देवेन्द्र देवांगन समेत कांग्रेसी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
एनएसयूआई प्रदेश महासचिव गौतम वाधवानी ने कहा कि जनता के खून पसीने की कमाई का दुरूपयोग किया जा रहा है। भ्रष्टाचार को उजागर करना जुर्म है तो हम सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लें। निगम में डीजल से चलने वाली बाइक भी है। यह पहली बार सुना और देखा। इसकी जानकारी हमें आरटीआई से प्राप्त दस्तावेज से मिली है। डीजल घोटाले का पूरा खेल वाहन क्रमांक में हेराफेरी कर किया गया है। यदि इसकी जांच कराई जाए तो पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा।
शुक्रवार को गांधी मैदान में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने डीजल घोटाला को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस-भाजपा पर जनता के पैसों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। निखिलेश देवान साहू, डॉ प्रेमुराम सिन्हा, अमित वर्मा, डोमेश्वर साहू, यशवंत साहू, हर्ष सिन्हा, कौशल सिन्हा, भेमराज साहू ने कहा कि नगर निगम में बैठी भाजपा-कांग्रेस दोनों एक दूसरे पर डीजल घोटाला का आरोप लगा रहे हैं।
इससे साफ होता है कि जनता के टैक्स से प्राप्त राशि को किस तरह भ्रष्टाचार और घोटाला में खर्च किया जा रहा है। टैक्स के रूप में मिली राशि को सफाई, पानी, सड़क, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए खर्च करना चाहिए, जिसे डीजल चोरी में डुबोया जा रहा है। उन्हाेंने कहा कि प्रशासन से छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना मांग करती है कि निगम में डीजल चोरी प्रकरण में निष्पक्ष जांच की जाए, दोषी अधिकारी, पार्टी प्रतिनिधि पर कड़ी कार्रवाई हो, जनता के टैक्स की राशि का दुरूपयोग बंद हो और खुला हिसाब जनता के बीच रखा जाए।
जिस डीजल घोटाले का आरोप कांग्रेस लगा रही वह कांग्रेस कार्यकाल का है। पहले से जो चोरी चल रही थी ऐसे कुछ चोरी पर मैंने अंकुश लगाया है। इस मामले में भी नए सिरे से जांच कराएंगे, जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। भाजपा पार्षदों ने गुरूवार को लिखित शिकायत दी थी। शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से भी शिकायत मिली है। इस मामले में जांच के बाद विधि अनुकूल कार्रवाई की जाएगी।