धमतरी

CG Mining: पांच खदानों की अवधि भी समाप्त, फिर भी अवैध उत्खनन जारी, रोज 200 हाइवा रेत की चोरी

CG Mining: इसमें पंचायत क्षेत्र के कुछ लोग शामिल हैं, जो रसीद काटते हैं। ढीमरटिकुर से 3 डंपिंग में रेत जा रहा।

2 min read
Jul 06, 2024

CG Mining: धमतरी के सभी रेत खदानों में खनन प्रतिबंधित है। 5 खदानों की तो खनन अवधि भी समाप्त हो गई है। इनमें राजपुर, चारभाठा, पहंदा, ढीमरटिकुर, सरगी, परखंदा का अनुबंध ही प्रस्तुत नहीं है फिर भी यहां से चोरी छिपे रेत निकाली जा रही। दर्री, देवपुर, परसुली, खरेंगा में खनन माफियाओं के आगे सिस्टम ही झुक गया है। जिमेदार खनिज अधिकारी, जिला प्रशासन इस पर रोक नहीं लगा पा रही है।

जिले में पहली बार ऐसा हो रहा कि प्रशासन भी वर्षाकाल में अवैध खदानों को बंद नहीं करा पा रहा है। दिन-रात महानदी से मनमाफिक खुदाई कर रेत की चोरी की जा रही है। ट्रैक्टर, हाइवा से रेत रोज परिवहन किया जा रहा। दुर्भाग्य है कि साय सरकार के मंत्रियों के आदेश पर भी कार्रवाई नहीं हो रही। डिप्टी सीएम अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने भी अवैध खनन पर प्रतिबंध लगाने प्रशासन को निर्देशित किया। इनके आदेश को भी दरकिनार कर दिया गया।

CG Mining: 200 रुपए दो, एक ट्रैक्टर रेत चोरी कर ले जाओ

दर्री खदान से 3 लोगों के डंपिंग में रेत जा रहा है। इसमें एक कांग्रेस नेता का पुत्र, विजय सहित एक रायपुर के व्यक्ति का डंपिंग है। परसुली में 150 रूपए, खरेंगा में 200 रु लेकर एक ट्रैक्टर रेत बेची जा रही। इसमें पंचायत क्षेत्र के कुछ लोग शामिल हैं, जो रसीद काटते हैं। ढीमरटिकुर से 3 डंपिंग में रेत जा रहा। यहां किसी पोखर नाम के व्यक्ति द्वारा रेत निकासी किए जाने की जानकारी मिल रही है। दरगहन में 3-3 प्रस्ताव लेकर इसे बेचने की बात सामने आ रही।

इन खदानों से हो रही रेत की चोरी

जिले के दर्री, देवपुर, परसुली, खरेंगा में खनन राजपुर, चारभाठा, पहंदा, ढीमरटिकुर, सरगी, परखंदा, सिरसिदा, लीलर, मथुराडीह, सोनेवारा, भंवरमरा, सारंगपुरी, देवरी खदानों से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। प्रशासन यहां टीम बनाकर दबिश दे तो अवैध खनन और परिवहन का काला खेल सामने आएगा। महानदी भी राहत लेगी।

CG Mining: इधर एनएसयूआई ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव, कलेक्टर को गुलाब जल भेंट करने पहुंचे

इधर जिले में चल रहे अवैध खनन को लेकर एनएसयूआई ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। कलेक्टर को सौंपने हाथ में गुलाब जल की शीशी लेकर पहुंचे थे। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि शासन-प्रशासन के संरक्षण में जिले के रेत खदान चल रहे हैं। कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपे हैं। साथ ही कलेक्टर को गुलाब जल भेंट करने गए, ताकि वो इसे आंखो में लगाकर माफिया संरक्षण की परत को दूर कर पाए और रेत माफियाओं पर तत्काल कार्यवाही करें।

प्रदर्शन में राकेश मौर्या, पारसमणी साहू, ओम मानिकपुरी, यशनारायण दुबे, तेजप्रताप साहू, चितेन्द्र साहू, नोमेश सिन्हा, नमन बंजारे, गौरव मानिकपुरी, उमेश साहू, उदय साहू, सुदीप सिन्हा, लिकेश साहू, इंदर साहू, विकास साहू, निखिल कुमार, रुस्तम कुर्रे, ऐशवर्य सिन्हा, तेजप्रकाश साहू, आयुष साहू, सुनील साहू, सुनील सिन्हा आदि शामिल थे।

Also Read
View All