14 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

धमतरी में तेज रफ्तार का कहर! अलग-अलग हादसों में 2 बाइक सवार युवकों की मौत, पसरा मातम

2 Bike Riders Death: धमतरी में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं में अज्ञात वाहनों ने बाइक को टक्कर मारी।
2 min read
Google source verification
Road Accident

Road Accident: प्रतीकात्मक तस्वीर (source-patrika file)

Dhamtari Road Accident: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन होने वाले हादसों में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। कुछ दिन पहले नागपुर में आयोजित तीज उत्सव में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा बोलेरो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में तीन मासूम बच्चों और पांच महिलाओं समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 14 लोग घायल हुए थे। इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

इसी बीच धमतरी जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में लिया। हादसे के बाद दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ढाबे पर खाना खाने जा रहा था युवक, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

पहली घटना धमतरी के श्यामतराई के पास की बताई जा रही है। लालबगीचा निवासी राजा यादव (28) गणेश स्थापना के बाद देर रात करीब 2 बजे बाइक से ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान श्यामतराई के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद परिजनों में मातम पसर गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

काम से घर लौट रहा था युवक, रास्ते में हुआ हादसा

दूसरी घटना गुरुर थाना क्षेत्र के बोरतरा गांव के पास हुई। ग्राम भूलनडबरी निवासी गुमान सिंह मंडावी (30) रात करीब 8 बजे अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।

हादसे में गुमान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों की तलाश

धमतरी जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए इन दोनों हादसों में बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। दोनों घटनाओं में टक्कर मारने वाले वाहनों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस अज्ञात वाहन चालकों की तलाश कर रही है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। रात के समय सड़क पर वाहनों की रफ्तार और पर्याप्त निगरानी नहीं होने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों से सावधानी बरतने और गति सीमा का पालन करने की अपील की जा रही है।