13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘साहब, बैल के खिलाफ FIR कर दीजिए’, धमतरी थाने पहुंचा पूरा मोहल्ला, पुलिस भी रह गई हैरान

Dhamtari Crime News: धमतरी में आवारा बैल के आतंक से परेशान लोग उसे पकड़कर कोतवाली थाने पहुंच गए। लोगों ने बैल के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की।
2 min read
Google source verification
Bull FIR Demand

आवारा बैल से परेशान लोगों ने खुद संभाला मोर्चा (Photo Source- Patrika)

Bull FIR Demand: धमतरी शहर में आवारा मवेशियों की समस्या से परेशान लोगों ने ऐसा कदम उठाया कि पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए। यहां लोग किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत लेकर नहीं, बल्कि एक बेकाबू बैल को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंच गए। लोगों ने पुलिस से मांग की कि बैल के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए। मामला धमतरी के सुंदरगंज वार्ड का है, जहां पिछले कुछ दिनों से एक आवारा बैल के आतंक से लोग परेशान बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बैल अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है। लगातार बढ़ती परेशानी के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।

Chhattisgarh Stray Cattle: तीन लोगों को कर चुका है घायल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुंदरगंज वार्ड में घूम रहे इस बेकाबू बैल ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया। इसी दौरान धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी बैल घुस गया और वहां उत्पात मचाया। इस घटना में उनके पिता के घायल होने की बात सामने आई है। इसके बाद वार्ड के लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। लोगों का कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत की गई थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

नगर निगम से शिकायत के बाद खुद उठाया कदम

जब शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों ने खुद ही बैल को पकड़ने का फैसला किया। लोगों ने बैल को किसी तरह पकड़कर रस्सी से बांधा और उसे वाहन में बैठाकर सीधे कोतवाली थाना पहुंच गए। थाने पहुंचने के बाद लोगों ने पुलिस के सामने अपनी समस्या रखी। उन्होंने कहा कि बैल लगातार लोगों को घायल कर रहा है, इसलिए उसके खिलाफ FIR दर्ज की जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।

पुलिस भी रह गई हैरान

बैल को लेकर लोगों के थाने पहुंचने का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। लोगों की परेशानी को समझते हुए पुलिस ने उन्हें समझाइश दी। पुलिस ने बताया कि आवारा मवेशियों से जुड़ी समस्या के समाधान की जिम्मेदारी नगर निगम की है। ऐसे मामलों में नगर निगम से शिकायत कर कार्रवाई कराई जानी चाहिए। पुलिस की समझाइश के बाद लोग बैल को लेकर थाने से वापस लौटे और उसे अपने वाहन से कांजी हाउस पहुंचा दिया।

आवारा मवेशियों की समस्या पर उठे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है। सड़कों और मोहल्लों में घूमने वाले मवेशियों के कारण लोगों को परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना और चोट का खतरा भी बना रहता है। सुंदरगंज वार्ड के लोगों का कहना है कि जब तक आवारा मवेशियों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था प्रभावी तरीके से नहीं होगी, तब तक ऐसी घटनाएं सामने आती रहेंगी। फिलहाल इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।