धमतरी

धमतरी में विकास शुल्क को लेकर बवाल, भेदभाव के आरोप पर कांग्रेस पार्षदों का निगम में प्रदर्शन…

CG News: धमतरी जिले में विकास शुल्क की राशि में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने गुरूवार को निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया।
less than 1 minute read
Sep 19, 2025
धमतरी में विकास शुल्क को लेकर बवाल, भेदभाव के आरोप पर कांग्रेस पार्षदों का निगम में प्रदर्शन...(photo-patrika0
धमतरी में विकास शुल्क को लेकर बवाल, भेदभाव के आरोप पर कांग्रेस पार्षदों का निगम में प्रदर्शन...(photo-patrika0

CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में विकास शुल्क की राशि में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी पार्षदों ने गुरूवार को निगम परिसर में धरना प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि कुछ दिन पहले शहर के 20 वार्डों के विकास के लिए कार्यादेश जारी किया गया है। इसमें भाजपा पार्षदों के वार्ड में ही विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। जबकि कांग्रेस के 8 पार्षदों में से केवल तीन वार्डों में कार्य आदेश जारी किया गया है।

CG News: निगम में किया प्रदर्शन

उनका कहना है कि शहर के सभी 40 वार्ड की जनता निगम प्रशासन को बराबर टैक्स और अन्य शुल्क जमा कर रही है, तो विकास कार्य को लेकर भेदभाव क्यों किया जा रहा है। करीब 2 घंटे तक निगम में प्रदर्शन चला। सभी 40 वार्डाें में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराने की मांग को लेकर कांग्रेसी निगम आयुक्त को ही ज्ञापन सौंपने पर अड़े रहे। नायब तहसीलदार ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे, लेकिन कांग्रेसियों ने ज्ञापन देने से मना कर दिया। करीब आधा घंटे ड्रामेबाजी चली।

नायब तहसीलदार ने बिना किसी सूचना के आंदोलन करने की बात कहते हुए उन पर कार्रवाई की बात कही। इससे कांग्रेसी और भड़क उठे। कांग्रेसियों ने निगम प्रशासन पर आरोप लगाते हुए आंदोलन को और तेज कर दिया। इससे निगम प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। करीब 2.15 बजे तक प्रदर्शन करने के पश्चात कांग्रेसी ज्ञापन को निगम की दीवार पर ही चस्पा कर वापस लौट गए। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश गोलछा, पार्षद योगेश लाल, पूर्णिमा गजानंद रजक, उमा भागीरथी ध्रुव, रामेश्वरी कोसरे उपस्थित थे।

Updated on:
19 Sept 2025 02:51 pm
Published on:
19 Sept 2025 02:51 pm