
Dhamtari PG College News: परीक्षा के लिए शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र देने के बजाय ब्लैक बोर्ड पर सवाल लिखकर परीक्षा कराई जा रही है। धमतरी के पीजी कॉलेज में आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा की इस व्यवस्था को लेकर छात्र-छात्राओं में नाराजगी बढ़ गई। शुक्रवार को विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और सभी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की मांग उठाई। करीब 20 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन से परीक्षा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की।
छात्रों ने बताया कि आंतरिक मूल्यांकन परीक्षा के लिए विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क में 100 रुपए पहले से निर्धारित हैं। इसके बावजूद प्रश्नपत्र उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं और सवाल ब्लैक बोर्ड पर लिखे जा रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि जब परीक्षा के लिए शुल्क लिया जाता है, तो उन्हें प्रश्नपत्र भी उपलब्ध कराना चाहिए। इसी मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने सभी छात्रों के लिए समान परीक्षा व्यवस्था लागू करने और प्रश्नपत्र देने की मांग रखी। उनका कहना था कि ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखने के बजाय प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रश्नपत्र दिया जाना चाहिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से हो सके। विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन से इस मामले में तत्काल पहल करने की मांग की। प्रदर्शन में पीजी कॉलेज के छात्र नमन बंजारे, डीकेश्वर, दुष्यंत नेताम, राजू साहू, भरत निर्मलकर सहित अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।