धमतरी

हर दिन बढ़ रहा पेट्रोल-डीजल का दाम, भड़के लोगों ने किया हंगामा

सन-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तत्काल दाम घटाया नहीं गया तो 6 जून को उग्र आंदोलन करेंगे

2 min read
May 29, 2018
हर दिन बढ़ रहा पेट्रोल-डीजल का दाम, भड़के लोगों ने किया हंगामा

धमतरी.पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आक्रोशित होकर जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में जमकर प्रदर्शन किया। वे यहां बैलगाड़ी में सवार होकर पहुंचे और शासन-प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तत्काल दाम घटाया नहीं गया तो 6 जून को उग्र आंदोलन करेंगे।

जोगी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शरद रणसिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। पेट्रोल-डीजल के दाम दिनोंदिन बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा असर खुले बाजार पर पड़ा है। महंगाई की मार झेल रही जनता को राहत देने रमन और मोदी सरकार पूरी तरह विफल हो गई हैं। ऐसी सरकार को एक पल भी सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है।

युवा जिलाध्यक्ष कुणाल गायकवाड़ ने कहा कि पेट्रोल व डीजल अब तक के अपने उच्चतम भाव पर है। लगातार चौतरफा विरोध के बाजवूद राज्य और केन्द्र सरकार की नींद नहीं टूट रही। उन्होंने कहा कि जिस सरकार को जनता की फिक्र नहीं हैं, उसे सत्ता से हट जाना चाहिए। कलक्ट्रेट के मुख्य दरवाजे पर करीब आधे घंटे तक कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम सीडी वर्मा वहां पहुंचे और उनका ज्ञापन लिया। प्रदर्शनकारियों में दीपक साहू, सुशांत कानपिल्लेवार, गणेश गौली, उदित साहू, जय कुमार, कुंजलाल, देव यादव, शिव प्रसाद, नंदनी साहू, मनोहर साहू, गुड्डू साहू, बिहारी, उत्तरा बाई, मोहनी बाई, दुर्गा बाई, सुलोचनी बाई समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।

करेंगे उग्र आंदोलन
पार्टी ने ऐलान किया है कि यदि सप्ताहभर के भीतर पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में कमी नहीं की गई, तो 6 जून को उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के युवा नेता व विधायक अमित जोगी समेत अन्य वरिष्ठ नेतागण करेंगे।

तेल का खेल
विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष टेकराम साहू, साहिल अहमद ने बताया कि वर्तमान में कच्चे तेल की कीमत 80 प्रति डॉलर है। ऐसे में सरकार 40 रुपए में एक लीटर तेल खरीदकार 85 रुपए में बेच रही है। तेल के इस खेल में केन्द्र व राज्य सरकार शत -प्रतिशत टैक्स आम जनता से वसूल रही है।

Published on:
29 May 2018 02:07 pm
Also Read
View All