धमतरी

घंटों स्कूल में अकेली बंद रही पहली कक्षा की छात्रा! ग्रामीणों ने ताला तोड़कर निकाला बाहर, शिक्षकों को नोटिस जारी

School Student Locked Inside Classroom: धमतरी के कुरूद स्थित पीएम श्री प्राथमिक शाला में छुट्टी के बाद पहली कक्षा की छात्रा स्कूल के अंदर बंद रह गई। ग्रामीणों ने रात में ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला।
2 min read
Jul 11, 2026
School Student Locked Inside Classroom
School Student Locked Inside Classroom: घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शुरू की तलाश(photo-patrika)

School Student Locked Inside Classroom: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड स्थित पीएम श्री प्राथमिक शाला कठौली में शिक्षकों की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद पहली कक्षा की एक छात्रा कक्षा के अंदर ही रह गई, लेकिन बिना जांच किए विद्यालय में ताला लगा दिया गया। बच्ची कई घंटों तक स्कूल के अंदर अकेली बंद रही। रात करीब 8 बजे उसकी रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ताला तोड़कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

PM Shri School Negligence: घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने शुरू की तलाश

जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद जब छात्रा घर नहीं पहुंची तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान देर शाम कुछ ग्रामीणों ने स्कूल परिसर से बच्ची के रोने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो छात्रा स्कूल के अंदर बंद थी। इसके बाद ग्रामीणों ने ताला तोड़कर बच्ची को बाहर निकाला।

भूख-प्यास से परेशान रही मासूम

स्कूल में कई घंटे तक बंद रहने के कारण बच्ची भूख-प्यास से परेशान हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद परिजनों में भी काफी नाराजगी देखने को मिली।

शिक्षकों पर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय बंद करने से पहले यह सुनिश्चित करना शिक्षकों की जिम्मेदारी थी कि सभी बच्चे सुरक्षित घर के लिए निकल चुके हैं। आरोप है कि घटना सामने आने के बाद जिम्मेदारी लेने के बजाय प्रधानपाठक और अन्य शिक्षकों ने इसका दोष स्कूल के स्वीपर पर डालने की कोशिश की।

जांच के आदेश, शिक्षकों को नोटिस

मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका मिश्रा ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं। जांच के लिए टीम गठित की गई है और स्थानीय नोडल अधिकारी की नियुक्ति की गई है। साथ ही संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने पीएम श्री विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने दोषी कर्मचारियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर बच्ची को बाहर नहीं निकाला जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। शिक्षा विभाग ने जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

Updated on:
11 Jul 2026 07:03 pm
Published on:
11 Jul 2026 06:52 pm