
MBBS Admission: अब 250 छात्रों को मिलेगा दाखिला(photo-patrika)
MBBS Admission 2026: छत्तीसगढ़ के मेडिकल छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें 230 से बढ़ाकर 250 कर दी गई हैं। यानी अब हर साल 20 अतिरिक्त छात्रों को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा।
MARB द्वारा जारी अनुमति पत्र के अनुसार, जेएनएम मेडिकल कॉलेज अब 250 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दे सकेगा। यह कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है। सीटों में वृद्धि से राज्य के मेडिकल शिक्षा ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
वर्ष 1963 में 60 एमबीबीएस सीटों के साथ शुरू हुए जेएनएम मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ लगातार अपनी क्षमता बढ़ाई है। पहले सीटों की संख्या 100 हुई, फिर वर्ष 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 सत्र से यह बढ़कर 250 हो जाएगी। यह वृद्धि कॉलेज के लगातार विकसित हो रहे शैक्षणिक और चिकित्सा ढांचे को दर्शाती है।
सीटों की संख्या बढ़ने से प्रदेश के उन छात्रों को लाभ मिलेगा, जो हर साल एमबीबीएस में प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करते हैं। अब अधिक छात्रों को अपने ही राज्य में मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे बाहर के राज्यों पर निर्भरता भी कम होगी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्य के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस सीटें बढ़ने से चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और अधिक विद्यार्थी अपने राज्य में रहकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा कर सकेंगे।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को दिया। उनके अनुसार, सरकार का लक्ष्य मेडिकल शिक्षा का विस्तार करना और प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी का लाभ केवल छात्रों तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में राज्य को अधिक प्रशिक्षित डॉक्टर मिलेंगे, जिससे सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी। यह कदम छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
Updated on:
11 Jul 2026 06:15 pm
Published on:
11 Jul 2026 05:53 pm
