
Dhamtari Road Condition: धमतरी जिले के सिहावा रोड समेत शहर की प्रमुख सड़कों की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि आए दिन ई-रिक्शा और पिकअप वाहन पलट रहे हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया सवार, विशेषकर स्कूटी चालक, लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि शहर की इस विकराल समस्या पर न तो सत्ता पक्ष के कद्दावर नेताओं की नजर पड़ रही है और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधि कोई ठोस कदम उठा रहे हैं।
हाल ही में धमतरी जिले को मिली 120 करोड़ रुपये की सड़क विकास परियोजनाओं को लेकर श्रेय लेने की होड़ जरूर मची हुई है। नेता नए कामों की स्वीकृति का सेहरा अपने सिर बांधकर अखबारों की सुर्खियां बटोरने में आतुर हैं, लेकिन जमीन पर बने जानलेवा गड्ढों को पाटने के लिए कोई आगे नहीं आ रहा। नगर निगम प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि पिछले आठ महीनों से केवल ‘टेंडर प्रक्रिया पूरी होने’ का आश्वासन दे रहे हैं। न तो मानसून से पहले हादसों को रोकने के कोई इंतजाम किए गए और न ही बारिश के बाद राहत देने का कोई प्रयास दिख रहा है। प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा आज पूरा धमतरी शहर भुगतने को मजबूर है।
धमतरी शहर और उससे लगी लोक निर्माण विभाग की सड़कें पिछले एक साल से बदहाली के दौर से गुजर रही हैं। मरम्मत के नाम पर प्रशासनिक अनदेखी का आलम यह है कि गड्ढों को भरने के लिए सिर्फ सिहावा रोड पर मलबा डालने जैसी रस्म अदायगी की गई। इसका खामियाजा हर दिन आम जनता को जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है।
सिहावा चौक में सिग्नल लाइट के पास बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के सामने भी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। शिव मंदिर के पास गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसी तरह नए बस स्टैंड के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने 5 से 10 फीट तक चौड़े गड्ढे हो गए हैं।
फल व्यापारी नरेंद्र साहू ने बताया कि बीते दिनों गड्ढे में फंसकर दो ऑटो पलट चुके हैं। वहीं, तीन से अधिक बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसी तरह जिला अस्पताल रोड, बनियापारा रोड, म्युनिसिपल स्कूल पहुंच मार्ग, सदर रोड, ब्रह्म चौक सहित कई वार्डों में सड़क की स्थिति खराब है। आसपास के रहवासी पानी में डूबे बड़े-बड़े गड्ढों को पाटने की मांग कर रहे हैं।
नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा के मुताबिक, शहर में सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए पूर्व में टेंडर निकाला गया था। वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया गया है। बारिश के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू होगा। बारिश थमने के बाद सड़कों की रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम धमतरी के आयुक्त अरुण वर्मा के मुताबिक, लगातार बारिश होने के कारण जर्जर सड़कों की रिपेयरिंग नहीं कराई जा पा रही है। बारिश थमने के बाद रिपेयरिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए भी टेंडर निकाला गया था और वर्क ऑर्डर जारी हो चुका है। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू होगा।