लगातार ड्यूटी बदलने से परेशान होकर नगर सैनिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार ड्यूटी बदलने से परेशान होकर नगर सैनिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे एक बार फिर उजागर हो गया है कि पुलिस कर्मी कितने तनाव में रहकर काम कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक रक्षित केन्द्र में पदस्थ नगर सैनिक नारायण टांडे (45) पिता गूंजन रूद्री स्थित सरकारी क्वार्टर में शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद अपने बीवी, बच्चों के साथ सो गया था। रात में उसकी नींद खुल गई। इस बीच उसके मन में क्या सुझा कि कमरे से निकल कर किचन में चला गया और साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सुबह उसकी पत्नी की नींद खुली तो नारायण बिस्तर में नहीं था। उसने आवाज भी दी, पर कोई जवाब नहीं मिला।
इधर-उधर देखने के बाद जब उसने किचन का दरवाजा खोला तो उसके होश उड़ गए। पति को फांसी के फंदे में लटकते देख चीख-पुकार मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। इसके बाद रूद्री पुलिस को खबर की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पंचनामा कार्रवाई के बाद लाश को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया था।
बताया गया है कि वह मूलत: ग्राम फुंडा रनचिरई (बालोद) का निवासी था। नगर सैनिक के रूप में पहले उसकी ड्यूटी अस्पताल चौकी में लगी थी। बाद में यातायात शाखा भेज दिया गया। इसके बाद रक्षित केन्द्र में वह पदस्थ था। परिजनों के अनुसार लगातार ड्यूटी बदलने से वह कुछ दिनों से अपने काम पर भी नहीं जा रहा था। संभवत: इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली।
धमतरी. अलग-अलग मामले में एक स्कूली छात्रा समेत युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अस्पताल पुलिस ने बताया कि शास्त्री नगर कुरूद निवासी कक्षा बारहवीं की छात्रा मोहिता झा (17) पिता मुकेश झा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अज्ञात है। इसी तरह ग्राम बकली में पेटदर्द से परेशान युवक इमला साहू (35) ने अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों ही मामले में मर्ग कायम कर अपनी जांच शुरू कर दी है।
टीआई रूद्री की गायत्री सिन्हा ने बताया नगर सैनिक नारायण मानसिक रूप से परेशान था। इसके पहले भी खुदकुशी का प्रयास कर चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।