
धमतरी. उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन करने को लेकर अजा, अजजा, अन्य पिछड़ा वर्ग समाज में गहरा रोष है। इसके विरोध में अनेक समाजों द्वारा गठित संयुक्त मोर्चा ने सोमवार को भारत बंद का आह्वान किया था। इसके तहत धमतरी में भी बंद का मिला-जुला असर रहा। सुबह से ही सदर बाजार समेत हाइवे, गोकुलपुर, दानीटोला और रत्नाबांधा रोड की अधिकांश दुकानें बंद रही। कुछ दुकानें खुली तो बंद समर्थकों की अपील के बाद पुन: दुकानें बंद हो गई। वहीं नगरी और भखारा में बंद सफल रहा। इस बीच कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
दोपहर करीब 2 बजे बिलाई माता परिसर से संयुक्त मोर्चा ने विशाल रैली निकाली, जिसमें सैकड़ों की संख्या में विभिन्न समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। यह रैली सदर बाजार, नेशनल हाइवे, अंबेडकर चौक होते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। यहां जमकर नारेबाजी करने के बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शनकारियों में रमेश कुमार लहरे, आरएन ध्रुव, डा. एआर ठाकुर, अनीता ठाकुर, फत्तेलाल ध्रुव, त्रिभुवन लाल ठाकुर, बहुर सिंह मरकाम, जीआर बंजारे, आशीष रात्रे, दिग्विजय सिंह कृदत्त, रामभगत पैकरा, शिवचरण नेताम, जानसिंह ध्रुव, दुलार कोर्राम, ओंकार नेताम, रामेश्वर मरकाम, अशोक मेश्राम, ज्ञानिराम रामटेेके, गीतेश प्रजापति, संतोष ध्रुव, उमेश देव, आरपी संभाकर, टीकम डोंगरे आदि शामिल थीं।
संयुक्त मोर्चा के संरक्षक जीवनलाल मरई ने कहा कि एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन एससी, एसटी वर्ग पर कुठाराघात है। नए नियम के तहत अब यह धारा जमानतीय हो जाएगी। यदि आरोपी शासकीय सेवा में है तो उस पर उसके उच्च अधिकारी की अनुमति के बिना कार्रवाई संभव नही है, जो कि गलत है। अध्यक्ष त्रिभुवन लाल ठाकुर ने कहा कि इस फैसले के बाद अब पीडि़त वर्गों को त्वरित न्याय मिलना आसान नहीं होगा। दुष्कर्म पीडि़ता को शासन से मिलने वाली मदद का प्रावधान समाप्त हो जाएगा। यह संविधान के मूल भावनाओं के विपरीत है।
भखारा. भखारा में भी इस बंद का व्यापक असर देखने को मिला। नगर की सभी दुकानें बंद रही। सतनामी समाज के लोग घूम-घूम कर बंद का आह्वान करते नजर आए। एट्रोसिटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए अनुसूचित जाति कांग्रेस प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मुकेश कोसरे, ब्लाक अध्यक्ष प्रवीण कोसरे ने कहा कि इस एक्ट को निष्प्रभावी बनाए जाने यह फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। बंद को सफल बनाने में विक्की कोसरे, शैलू, कमलेश सोनवानी, मुधकांता, हरीश, सनत, अनिल बनारसी, नेमीचंद, विनोद भानू, सूर्या, भंवरलाल, गोपालदास, देवकी कोसरे, मनभा गायकवाड़, संतोष कुमार, लक्ष्मी बंजारे आदि का योगदान रहा।
नगरी. एट्रोसिटी एक्ट को शिथिल करने के आदेश के विरोध में नगरी बंद को भरपूर समर्थन मिला। सर्व आदिवासी समाज और सतनामी समाज के संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने नगरी बंद का आह्वान किया था। इस बंद को नगर के व्यापारियों ने खुलकर समर्थन दिया। बजरंग चौक में आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार की लचर व्यवस्था पर जमकर भड़ास निकाली। एक रैली निकाल कर एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान आदिवासी समाज के संरक्षक माधव सिंह ध्रुव, अम्बिका मरकाम, उमेश देव, कोसरे, रामप्रसाद मरकाम समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।