
Dussehra 2024: 4 दिन बाद धमतरी के गौशाला मैदान में दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर सोमवार को नगर निगम कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पहली बार रावण पुतला का पूरा शरीर धमतरी में नहीं बनेगा। धड़ का निर्माण धमतरी के स्थानीय कलाकार करेंगे। वहीं सिर निर्माण के लिए चारामा क्षेत्र के कलाकारों को ठेका दिया गया है।
बता दें कि 2 साल पहले नगर निगम के दशहरा पर्व पर नगर निगम की खूब फजीहत हुई थी। दुबला पुतला निर्माण को लेकर नगर निगम को लोगोें का आक्रोश झेलना पड़ा था। धड़ तो कुछ ही सेकंड में जल गया, लेकिन एक भी सिर नहीं जल पाया था। इस बार ऐसी कुछ गलती न हो इसलिए पूरी सावधानी से दशहरा उत्सव की तैयारी की जा रही है।
पिछले कई वर्षों से गौशाला मैदान में दशहरा उत्सव के दौरान रामलीला मंचन का आयोजन होता है। अब तक अछोटा के भूले बिसरे मंडली द्वारा रामलीला मंचन किया जाता रहा है। इस बार कुकरेल की रामलीला मंडली को मंचन के लिए बुलाने पर विचार किया जा रहा है।
धमतरी का दशानन इस साल 40 फीट का होगा। पिछले वर्ष 35 फीट रावण पुतले का दहन किया गया था। रावण के पेट में चकरी, पटाखा भी लगाया जा रहा। सभी 10 सिरों में भी पटाखे लगाए जाएंगे। धड़ का निर्माण धमतरी में शुरू हो गया है। अधिकारियों के अनुसार 75 प्रतिशत पुतले का निर्माण हो चुका है। सिर बनाने की तैयारी भी चारामा के कलाकार कर रहे हैं।
गौशाला मैदान में वर्षो से दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इस साल भी उत्सव मनाने को लेकर बजट में कोई खास बढ़ोतरी नहीं हुई है। रावण पुतला निर्माण सहित अन्य आयोजनों में लगभग 1.90 लाख रूपए खर्च होगा। नगर निगम के उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि पुतला दहन के बाद आकर्षक आतिशबाजी होगी। इसमें बीन बादल बरसात, नवरंग चक्कर, आसमानी गोला, 60 शॉट, 120 शॉट, गोल्डन सेहरा, झाड़ू झरना, चंदनहार सहित अनेक आकर्षक आतिशबाजी होगी।