
(धनबाद): झारखंड के धनबाद जिले की बरोरा थाना की पुलिस बुधवार को बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने उनके चिटाही स्थित आवास पहुंची, लेकिन पुलिस के आने की सूचना मिलते ही ढुल्लू महतो पुलिस को चकमा देकर पिछले दरवाजे से भाग निकले। वहीं पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे उनके चार समर्थकों को धर्मेंद्र गुप्ता, अजय गोराई, बिट्टू सिंह और डंपी मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ढुल्लू महतो के खिलाफ कई मामले दर्ज है, जिसमें एक कंपनी से रंगदारी मांगने और एक महिला नेत्री के साथ दुर्व्यवहार का मामला शामिल है।
यह भी पढ़ें:Video: चलती ट्रेन से गिरीं महिला, RPF जवान ने यूं बचाई जान
समर्थकों की लगी भीड़...
भाजपा विधायक ढुल्लू महतो की गिरफ्तारी को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों ने चिटाही स्थित उनके आवास की घेराबंदी की। लेकिन पुलिस के आने की सूचना मिलते ही उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गए, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। विधायक समर्थक और महिलाओं ने पुलिस का जमकर विरोध किया।
पत्नी ने किया बचाव...
इधर विधायक की धर्म पत्नी सावित्री देवी ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर यह सब हो रहा है। उन्होंने कहा कि विरोधी साजिश कर उनके पति को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बगैर सर्च वारंट के पुलिस जबरन आवास में घुस रही थी। सावित्री देवी ने कहा कि विधायक की तबीयत खराब है और वे इलाज के लिए बाहर गए हैं।
गौरतलब है कि एक भाजपा नेत्री ने ढुल्लू के खिलाफ हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा कि ढुल्लू महतो ने टुंडी गेस्ट हाउस में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया था। इसका उन्होंने विरोध किया था। इसके बाद उसने कतरास थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही है। महिला का आरोप है कि विधायक 2015 से ही उसके पीछे पड़े हैं। किसी न किसी बहाने से वह बुलाते थे। रात 12 बजे भी फोन करते थे। जब वह ज्यादा तंग करने लगे, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। विधायक के खिलाफ कार्रवाई नहीं होता देख भाजपा नेत्री ने 22 नवंबर 2018 को कतरास थाना के पास अपने शरीर पर केरोसिन उड़ेलकर आत्मदाह की कोशिश की थी। लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया और कतरास थाना ले गए, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया।