धार

धार में गणेश विसर्जन के दौरान बागेड़ी डैम पर हादसा, तीन युवक डूबे

Ganesh Visarjan Accident: सरस्वती कॉलोनी की गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए साथियों के साथ बागेड़ी डैम पर गए थे तीनों, गहरे में पानी में डूबे।
2 min read
• •
Sep 25, 2026
Bagedi Dam Ganesh Visarjan Accident
bagedi dam ganesh visarjan three youths drown, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ (Source-Patrika)

Dhar Bagedi Dam Ganesh Visarjan Accident: मध्यप्रदेश के धार जिले में अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बदनावर में एक बड़ी घटना हुई। बागेड़ी डेम पर तीन युवाओं की डूबने से मौत हो गई। घटना से नगर में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं पीड़ित परिवारों में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों ने पानी में उतरकर जैसे-तैसे तीनों को बाहर निकला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतकों की पहचान राहुल पिता मुकेश प्रजापत, निहाल पिता मुकेश भांभी तथा कान्हा उर्फ पवन पिता भंवरलाल राठौड़ निवासी सुभाष मार्ग भेरू उखलिया के रूप में हुई। तीनों की आयु 16 से 18 वर्ष बताई गई है।

ढोल-ढमाकों के साथ गणेश विसर्जन करने निकले

जानकारी के अनुसार सरस्वती कॉलोनी में मंदिर में स्थापित की गई गणेशजी की मूर्ति को शाम करीब 5 बजे विसर्जन के लिए कॉलोनी के युवक ढोल-ढमाकों के साथ डेम पर गए थे। वहां पांच युवक डेम में गणेश प्रतिमा को विसर्जित करने के लिए उतरे। दो युवक को वापस लौट आए लेकिन तीन गहरे पानी में चले गए और डूब गए। जब यह कुछ देर तक तीनों युवक वापस नहीं आए तो किनारे पर खड़े उनके साथियों ने डूबने का शोर मचाया। वहां विसर्जन के लिए अन्य लोग भी आए हुए थे।

नगर में शोक की लहर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

युवकों के डूबने का पता चलते ही मौजूद लोग घबरा गए तथा मौके पर अफरा तफरी मच गई। शोर सुनकर अन्य लोग भी मदद के लिए दौड़े। फिर भी तीनों युवकों को एक-एक कर निकालने में करीब आधा घंटा लग गया और इस बीच तीनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस व एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई तथा तीनों मृतकों को निजी गाड़ी व 108 एंबुलेंस से सिविल अस्पताल लाया गया। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने परीक्षण कर तीनों को मृत घोषित कर दिया। अनंत चतुर्दशी पर हुए इस हादसे ने पूरे नगर को शोक में डूबो दिया। घटना की खबर नगर में आग की तरह फैली और काफी बड़ी संख्या में लोग घटना का पता लगाने के लिए अस्पताल में जमा हो गए। मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी रूम में रखवाया गया। शनिवार सुबह पीएम किया जाएगा।

Updated on:
25 Sept 2026 09:36 pm
Published on:
25 Sept 2026 07:56 pm