
Bees Attack :मध्य प्रदेश के धार जिले के डेहरी इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम झिगरी बयड़ी में शनिवार एक मृत्यु भोज कार्यक्रम उस समय बड़े मातम में बदल तब्दील हो गया, जब कार्यक्रम में आए लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक ग्रामीण घायल हुए हैं। बताया ये भी जा रहा है कि, घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि, ग्राम झिगरी बयड़ी में एक परिवार द्वारा परंपरानुसार मृत्यु भोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, परिचित और ग्रामीण मौजूद थे। भोजन की व्यवस्था चल रही थी और लोग आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन मधुमक्खियों ने कई लोगों को बुरी तरह डंक मार दिए।
मधुमक्खियों के हमले में हुसैन पिता गुलाब, निवासी गातला की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। जानकारी ये भी सामने आई है कि, घायल लोगों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है, उन्हें बाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार डेहरी में किया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन को सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई और घायलों के इलाज की व्यवस्था की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हुसैन को मधुमक्खियों ने गंभीर रूप से डंक मारे थे, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।