Dussehra 2025: धार में इस बार दशहरा उत्सव बेहद खास होगा। 51 फीट का वाटरप्रूफ रावण 360 डिग्री घूमकर अट्टहास करेगा और शाम 6 बजे हजारों की भीड़ गवाह बनेगी।
MP News: आगामी दो अक्टूबर को दशहरा उत्सव (Dussehra 2025) उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रावण दहन (Ravan Dahan) के साथ ही पुतले का दंभ भी टूटेगा। हर साल की तरह धार में दो स्थानों पर पुतला दहन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में है। किला मैदान पर सार्वजनिक दशहरा उत्सव समिति नौगांव द्वारा पिछले 46 वर्षों से रावण दहन किया जा रहा है।
परंपरानुसार यहां 51 फीट का रावण बनाया गया है, जो चारों दिशाओं में 360 डिग्री घूमेगा। साथ ही अट्ठास करते हुए दर्शकों को दिखाई देगा। बारिश को देखते हुए पुतले को वाटर प्रूफ बनाया गया है। इसमें जो पेपर और कलर लगाया गया है, वह वाटरप्रूफ है, ताकि मौसम खराब होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। समिति संयोजक भगतसिंह चौहान ने बताया कि रावण दहन का आयोजन शाम 6 बजे आरंभ होगा। इस दौरान दो घंटे तक भव्य आतिशबाजी की जाएगी। (MP News)
किला मैदान पर दशहरा उत्सव को देखने के लिए हजारों की भीड़ पहुंचती है। उसके हिसाब से आयोजन समिति द्वारा तैयारियां की जा रही है। सोमवार को केन की मदद से पुतले को खड़ा किया गया। साथ ही बारिश को देखते हुए पॉलीथिन से ढका गया। अब इसे दो अक्टूबर को ही खोला जाएगा।
परंपरा अनुसार कार्यकम संपन्न होगा। किला मैदान पर रावण के पुतले के चारों ओर सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेड्स लगाए जाएंगे। साथ ही इस दिन चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। वाहनों की पार्किंग को लेकर अलग स्थल तय किया गया है। ताकि रतलाम रोड पर जाम जैसी स्थिति नहीं बने। (MP News)
नगर पालिका द्वारा दशहरा मैदान में रावण दहन का आयोजन किया जाता है, जिसे देखने के लिए आधे शहर के लोग व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों लोग पहुंचते हैं। नगर पालिका द्वारा रावण बनाने के लिए दो लाख में ठेका दिया गया है। रावण दहन के साथ आतिशबाजी का आनंद लोग उठाएंगे। (MP News)