
Dhar Lokayukta raid: मध्य प्रदेश में मुर्गे की बांग के साथ धार में लोकायुक्त इंदौर ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त ने नालछा स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर छापा मारा है। शुरुआती जांच में उनकी आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त की टीम ने करीब 6.50 लाख रुपए की कुल वेतन आय के मुकाबले 2.41 करोड़ रुपए खर्च करने की जानकारी का खुलासा किया है। फिलहाल तीन ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी जारी है। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर सहकारी प्रबंधक पर कार्रवाई की गई। इस दौरान ASI रहीम खान सहित कई पुलिसकर्मी कार्रवाई में शामिल रहे।
बता दें कि, शेरसिंह ठाकुर निवासी सोडपुर नालछा, आदिम जाति सेवा सहकारि समिति नालछा जिला धार में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। लोकायुक्त ने बताया कि शेर सिंह 20 साल से प्रबंधक के तौर पर काम कर रहे है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रबंधक ने अपनी वैद्य आय की तुलना में अनुपातहीन सम्पत्ति अवैध रूप से प्राप्त की है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपनी पत्नी और सरपंच कविता ठाकुर के नाम पर पीथमपुर के गांवों में करीब 50 लाख की मूल्य की भूमि क्रय की है।
पहली- ग्राम मांडव, तहसील पीथमपुर, जिला धार में 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि क्रय की है, जिस पर अनुमानित 42 लाख रुपये व्यय किया जाना पाया गया है।
दूसरी- ग्राम सोडपुर, तहसील पीथमपुर, जिला धार में .645 हेक्टेयर कृषि भूमि क्रय की है, जिस पर अनुमानित 8 लाख रुपये व्यय किया जाना पाया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी शेरसिंह ठाकुर की पत्नी कविता ठाकुर करीब 15 दिन पहले ही सरपंची चुनाव जीती है। चौंकाने वाली बात यह है कि कवित ठाकुर महज एक वोट के अंतर से जीती हैं। अब गांव की सरपंची संभालने के बस दो हफ्ते बाद ही पति के तीन ठिकानों पर लोकायुक्त ने कार्रवाई की है।