धार

धार TI मौत केस: बाइकों से गुजरात पहुंचाई जाती थी अवैध शराब, आधे रास्ते के बाद बदलते थे ड्राइवर

TI Dilip Puri death: खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को कुचलने के मामले में एसआईटी जांच में अवैध शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। आरोपी ड्राइवर-क्लीनर का रिमांड बढ़ाया गया और आंतरिक ग्रामीण रास्तों व ड्राइवर बदलाव जैसे तरीकों का खुलासा हुआ है।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 4:10 PM IST
टीआइ दिलीप पुरी जीवित अवस्था का फोटो (Photo Source - Patrika)
टीआइ दिलीप पुरी जीवित अवस्था का फोटो (Photo Source - Patrika)

TI Dilip Puri death: मध्यप्रदेश में खातेगांव टीआइ दिलीप पुरी को शराब से भरे ट्रक से कुचलने के मामले की जांच कर रही एसआइटी के सामने अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क को लेकर बड़े खुलासे हो रहे हैं। अब तक की पूछताछ में सामने आया है कि शराब की खेप कुक्षी के रास्ते आलीराजपुर पहुंचाई जाती थी। यहां एक स्थान पर शराब उतारने के बाद दोपहिया वाहनों से अलग-अलग रास्तों के जरिए गुजरात सीमा पार कराई जाती थी। तस्करी के लिए हाइवे के बजाय ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक रास्तों का इस्तेमाल किया जाता था। आलीराजपुर में इस नेटवर्क में आरोपी केरम सिंह की अहम भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है।

हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इधर, ट्रक चालक गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत और क्लीनर धीरज का रिमांड खत्म होने पर एसआइटी ने उन्हें खातेगांव न्यायालय में पेश कर दोबारा रिमांड मांगा। न्यायालय ने दोनों को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। आरोपी मनीष पर और पाटेंद्र जायसवाल भी रिमांड है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क की कडियां जोडने में जुटी है।

आलीराजपुर में डंप होती थी शराब

सूत्रों के अनुसार, शराब की खेप कुक्षी तक पहुंचाने के लिए तस्कर अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद ट्रक से शराब आलीराजपुर क्षेत्र में पहुंचाई जाती थी। यहां एक स्थान पर शराब उतारने के बाद उसे दोपहिया वाहनों पर लादकर अलग-अलग रास्तों से गुजरात पहुंचाया जाता था। इस काम में स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क की भूमिका भी जांच के दायरे में है। आरोपी केरम सिंह लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है और क्षेत्र में उसके बड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई है।

पूरी खेप नहीं पहुंचाता था ड्राइवर

जांच तस्करी का एक और तरीका सामने में आया है। बताया जा रहा है कि शराब से भरे ट्रक को आलीराजपुर क्षेत्र तक लाने वाले ड्राइवर गुजरात तक की पूरी खेप नहीं पहुंचाते थे। अलीराजपुर में आगे का रास्ता तय होने के बाद ट्रक का ड्राइवर बदल दिया जाता था। इसके बाद दूसरा ड्राइवर शराब से भरे ट्रक को गुजरात की ओर ले जाता था। तस्करी के दौरान हाइवे से बचते हुए ग्रामीण और आंतरिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाता था, ताकि आवाजाही पर नजर न पड़े।

ये रास्ते इस्तेमाल किए जाते थे कुक्षी पहुंचने के लिए

जांच में कुक्षी तक पहुंचने के लिए कई रूट सामने आने की जानकारी मिली है। इनमें प्रमुख रूप से ये रास्ते शामिल बताए जा रहे है…

इंदौर से धार, सरदारपुर, राजगढ़, रिंगनोद और टांडा होते हुए कुक्षी।
इंदौर से धामनोद, खलघाट, मनावर और सिंघाना होते हुए कुक्षी।
मांडव से उमरबन और मनावर होते हुए कुक्षी।
इंदौर से ठीकरी, अंजड़ और बड़वानी होते हुए कुक्षी।
देवास से उज्जैन, बदनावर, राजगढ़, रिंगनोद और टांडा होते हुए कुक्षी।

गुजरात तक फैले नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन की जांच

एसआइटी की अलग-अलग टीमें अब शराब के परिवहन, तस्करी के नेटवर्क और आर्थिक लेनदेन की कडियां जोडने में जुटी हैं। आरोपी मनीष जायसवाल के लैपटॉप से टीम को अहम जानकारियां मिली हैं। वहीं, दम तोड़ चुके आरोपी मोहिन जायसवाल के घर और कार्यालय से भी दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मोहिन के पार्टनर अल्पेश की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आलीराजपुर से गुजरात तक शराब पहुंचाने में शामिल बताए जा रहे अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनका पुलिस सत्यापन कर रही है। एएसपी कन्नौद सौम्या जैन ने बताया कि आरोपी ड्राइवर और क्लीनर को फिर से रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जांच में कई तथ्य सामने आए हैं, इनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Updated on:
18 Nov 2026, 4:10 PM IST
Published on: