MP News: ग्रामीणों ने पहले सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारियों के वाहनों में की तोड़फोड़ और फिर मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर गाड़ियां फोड़ीं।
MP News: मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी में जमकर बवाल हुआ है। टकारी गांव में लगने वाली सीमेंट फैक्ट्री का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने जमकर हंगामा करते हुए गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए पुलिस पर पथराव किया। जानकारी के अनुसार कुक्षी, जोबट, गंधवानी सहित चार विधानसभाओं के लोगों द्वारा लगातार उक्त क्षेत्र में लगने वाली श्री सीमेंट फैक्ट्री का विरोध किया जा रहा है। कुछ समय पहले क्षेत्रीय आदिवासियों के साथ कांग्रेसी नेता व जनप्रतिनिधियों ने भी कुक्षी में इसके विरोध में धरना प्रदर्शन किया था।
देखें वीडियो-
टकारी गांव में लगने वाली सीमेंट फैक्ट्री की सैंपलिंग लेने के लिए श्री सीमेंट कंपनी से जुड़े कर्मचारी बुधवार को मौके पर पहुंचे थे। कर्मचारियों के पहुंचने पर उन्हें ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों ने कंपनी के वाहनों में जमकर तोड़फोड़ करते हुए वाहनों को पलट दिया और प्रस्तावित फैक्ट्री का विरोध करते हुए हंगामा किया। ग्रामीणों के उग्र होने पर कंपनी के कर्मचारी वाहन छोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे।
टकारी गांव में हंगामे की सूचना मिलते ही मनावर, कुक्षी सहित कई थानों से पुलिस बल मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने फैक्ट्री का विरोध कर रहे है ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन इस दौरान ग्रामीण फिर से भड़क गए और पुलिस की टीम पर हमला बोलते हुए पथराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के वाहनों में भी तोड़फोड़ की है। अचानक हुए हमले से पुलिस प्रशासन की टीम वाहनों सहित जान बचाकर भागते देखी गई। इसके बाद धार जिला पुलिस एवं प्रशासन हरकत में आया। घटना को लेकर कुक्षी एसडीएम प्रमोद गुर्जर ने कहा है दिन में जो भी घटनाक्रम हुआ उसके बाद प्रशासन ने स्थिति संभाल ली है और वहां पर फिलहाल शांति है। प्रशासन लगातार ग्रामीणों से संवाद कर संपर्क बनाए हुए हैं और सतर्कता बरती जा रही है।