धार

MP के इस जिले को मिलेंगे 4 नए रेलवे स्टेशन, यहां पहली बार पहुंचेगी ट्रेन

Pithampur-Dhar Railway Track: इंदौर-दाहोद रेल परियोजना में पटरी बिछाने के बाद अब ट्रैक की मजबूती जांचने का दौर शुरू होने जा रहा है। ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रॉनिक ट्रॉली को पटरी पर चलाकर उसकी गुणवत्ता और मजबूती को परखा जाएगा।
2 min read
Mar 21, 2026
Pithampur-Dhar railway track trial run 4 New Railway Stations construction going on MP News
Pithampur-Dhar railway track trial run (फोटो- Patrika.com)

MP News: लंबे इंतजार के बाद अब वह पल करीब है, जब धार और पीथमपुर के बीच रेल की 'छुक-छुक' गूंजेगी। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना (Indore-Dahod rail project) में पटरी बिछाने के बाद अब ट्रैक की मजबूती जांचने का दौर शुरू होने जा रहा है। 23 से 26 मार्च के बीच 40 किलोमीटर लंबे पीथमपुर-धार पर टॉवर वेगन से निरीक्षण किया जाएगा। इस ट्रायल के दौरान इलेक्ट्रॉनिक ट्रॉली को पटरी पर चलाकर उसकी गुणवत्ता और मजबूती को परखा जाएगा।

जैसे ही इस निरीक्षण की खबर सामने आई, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। पटरी तैयार है, ट्रायल शुरू होने वाला है, अब बस इंतजार उस दिन का है, जब इस रूट पर रफ्तार के साथ विकास भी दौड़ेगा। शहर से लेकर गांव तक लोग अब उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, पर इंजन दौड़ेगा और रेल सफर की नई शुरुआत होगी।

चार स्टेशनों से बदलेगी तस्वीर

इस रेल परियोजना की खास बात यह है कि यह सिर्फ दो शहरों को नहीं. बल्कि पूरे क्षेत्र को जोड़ने का काम करेगी। धार और पीथमपुर के साथ सागौर और गुणावद में भी स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं, जिनका काम अंतिम चरण में है। पीथमपुर को औधोगिक दृष्टि से बड़ा और आधुनिक स्टेशन बनाया जा रहा है, वहीं सागौर और गुणावद से कस्बाई और ग्रामीण यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

भोजशाला की तर्ज पर बनेगा धार स्टेशन

चार के नौगांव क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा आधुनिक रेलवे स्टेशन आकार ले रहा है, जिसकी डिजाइन ऐतिहासिक भोजशाला से प्रेरित है। यहां पांच प्लेटफॉर्म, अंडरग्राउंड कनेक्टिविटी, वेटिंग रूम, टिकट काउंटर और अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

ट्रायल से खुलेगा संचालन का रास्ता

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रैक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अब टॉवर वेगन से निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। 23 से 26 मार्च के बीच का शेड्‌यूल जारी किया गया है, जिसके बाद अगले चरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने किया लोकार्पण

इंदौर-दाहोद रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत पीथमपुर-सागौर के मध्य नवनिर्मित रेलवे ब्रिज 236 का लोकार्पण शुक्रवार को हुआ। इसके पूर्व रेलवे अभी तक चार ब्रिज को चालू कर जनता को समर्पित कर चुका है। इनके चालू होने से वाहनों की आवाजाही सुगम हुई है। साथ ही जाम की समस्या से निजात मिली है। शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, धार विधायक नीना वर्मा द्वारा सागौर में ओवरब्रिज का लोकार्पण किया. जिसके बाद ब्रिज से ट्रैफिक शुरू हो गया। इस मौके पर रेलवे डीआरएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। (MP News)

Updated on:
21 Mar 2026 10:12 am
Published on:
21 Mar 2026 10:12 am