धार

Dhar Rail Line : मुंबई की दूरी घटा देगा 3 किमी का टनल, 3600 करोड़ के प्रोजेक्ट ने दिखाया कमाल

Dhar Rail Line : इंदौर दाहोद रेल लाइन से मुंबई की दूरी कम होगी, पहले चरण में इंदौर से धार के बीच ट्रेन 90 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ सकेगी
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 1:42 PM IST
Dhar Rail Line
इंदौर दाहोद रेल प्रोजेक्ट image patrika

Dhar Rail Line : इंदौर-दाहोद रेल लाइन के संबंध में बड़ा अपडेट सामने आया है। इसके पहले चरण में धार तक ट्रेन संचालन की मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही जिलेवासियों का वर्षों पुराना इंतजार खत्म होने की उम्मीद जगी है। इंदौर-दाहोद रेल लाइन के पहले चरण से जहां धार से मुंबई आना जाना बेहद सरल हो जाएगा वहीं पीथमपुर के व्यापार को भी काफी लाभ होगा। सबसे खास बात यह है कि पूरी बन जाने के बाद इस रेल लाइन से इंदौर से मुंबई की रेल दूरी करीब 55 किलोमीटर तक घट जाएगी। नई रेल लाइन में 3 किलोमीटर लंबे टीही टनल में ट्रेन की अधिकतम गति 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड रहेगी।

आधुनिक तकनीक से तैयार टीही टनल, सुरक्षा पर खास जोर:

इंदौर-दाहोद प्रोजेक्ट में धार रेलखंड पहले चरण में शामिल है जिसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में टीही टनल शुमार है। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस सुरंग को आधुनिक तकनीक और इंजीनियरिंग के जरिए तैयार किया गया है। रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरों और श्रमिकों ने दिन-रात काम कर इसे पूरा किया। सीआरएस निरीक्षण में टनल को भी निर्धारित गति से ट्रेन संचालन के लिए उपयुक्त पाया गया। यहां ट्रेन 80 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम स्पीड से गुजर सकेगी।

आगे की चुनौती… धार से झाबुआ रेलखंड का निर्माण:

धार तक ट्रेन संचालन की मंजूरी परियोजना का पहला बड़ा पड़ाव है। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना की कुल लंबाई करीब 204 किलोमीटर है। अब धार से आगे तिरला, राजगढ़ और सरदारपुर होते हुए झाबुआ तक रेल लाइन बिछाने की चुनौती है। इस हिस्से में करीब 55 छोटे-बड़े पुल-पुलियाओं का निर्माण करना है। वहीं खरमोर अभयारण्य के संरक्षित क्षेत्र से रेल लाइन गुजरने की समस्या के चलते रूट में बदलाव प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे भी हो चुका है, लेकिन अंतिम रूट तय होना बाकी है। ऐसे में धार से झाबुआ तक रेल कनेक्टविटी का सपना पूरा करने के लिए रेलवे को अभी लंबा सफर तय करना होगा।

आजादी से शुरू हुआ इंतजार, 2005 में मिली मंजूरी

धार जिला आजादी के बाद से ही रेल सुविधा से वंचित रहा है। रेल लाइन की मांग को लेकर लंबे समय तक आंदोलन और प्रयास होते रहे। सामूहिक प्रयासों के बाद वर्ष 2005 में इंदौर-दाहोद रेल परियोजना को मंजूरी मिली। इसके बाद परियोजना का 2008 में भूमिपूजन हुआ और निर्माण कार्य शुरू हुआ। शुरुआती 678 करोड़ रुपए की परियोजना का बजट बढकऱ करीब 3600 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।

मुंबई की दूरी कैसे होगी कम

इंदौर से मुंबई जाने वाली ट्रेनें अभी उज्जैन और रतलाम होकर जाती हैं। इसकी दूरी करीब 830 किमी है। नया इंदौर-दाहोद रूट मुंबई के लिए सीधा रास्ता उपलब्ध कराएगा। दाहोद के रास्ते नया और सीधा रेल मार्ग जुड़ने से इंदौर से मुंबई का सफर घटकर करीब 775 किलोमीटर रह जाएगा।

Updated on:
17 Nov 2026, 1:42 PM IST
Published on: