
Dhanteras 2025: हर साल की तरह इस बार भी धनतेरस 2025 का त्योहार बड़ी धूमधाम से 18 अक्टूबर (शनिवार) को मनाया जाएगा। इसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है और यह दिन दीपावली की शुरुआत का प्रतीक होता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान धन्वंतरि, कुबेर देव और मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में धन, सुख और समृद्धि का आगमन होता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, धनतेरस के दिन कुछ चीजों की खरीदारी अत्यंत शुभ मानी जाती है। जैसे सोना, चांदी, नए बर्तन, झाड़ू, दीपक और धनिया के बीज। कहा जाता है कि इन चीजों की खरीदारी से कुबेर महाराज की कृपा बनी रहती है और घर में स्थायी सुख-संपन्नता आती है।
लेकिन इसी दिन कुछ ऐसी गलतियां भी हैं जिनसे बचना जरूरी है, वरना मां लक्ष्मी और कुबेर देव रुष्ट हो सकते हैं। आइए जानते हैं वो 5 बातें जिन्हें धनतेरस की शाम भूलकर भी नहीं करना चाहिए।
धनतेरस की शाम घर में झाड़ू लगाना अशुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर की लक्ष्मी बाहर चली जाती हैं और दरिद्रता का प्रवेश होता है। इसलिए इस दिन झाड़ू का उपयोग सूर्यास्त के बाद न करें।
ज्योतिषविदों का कहना है कि शाम के समय नमक का दान नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे मां लक्ष्मी नाराज होती हैं और घर से सुख-शांति चली जाती है। साथ ही, यह राहु के प्रभाव को बढ़ाता है, जिससे घर में आर्थिक अस्थिरता बनी रहती है।
धनतेरस पर किसी को भी पैसा या वस्तु उधार में देने से बचना चाहिए। ऐसा करने से धन की हानि होती है और घर में लक्ष्मी-कुबेर का वास नहीं होता। वास्तु शास्त्र के अनुसार, जो लोग इस दिन धन उधार देते हैं, उनके घर में दरिद्रता बनी रहती है।
इस शुभ अवसर पर लहसुन, प्याज या मांसाहार जैसी तामसिक चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। कहा जाता है कि ऐसा करने से धनतेरस का पुण्य घट जाता है और देवी-देवताओं की कृपा नहीं मिलती। इस दिन सात्विक भोजन ही ग्रहण करें।
धनतेरस पर बर्तन खरीदना शुभ होता है, लेकिन ध्यान रखें कि बर्तन खाली न खरीदें। नए बर्तन घर लाते समय उसमें थोड़ा पानी, गुड़ या खील-बताशे जरूर रखें। ऐसा करने से समृद्धि और शुभ फल की प्राप्ति होती है।