धर्म-कर्म

Devuthani Ekadashi: देव के जागते ही शुरू होगा शादी का सीजन, नवंबर से मार्च तक सिर्फ 25 शुभ मुहूर्त, देखें लिस्ट

Vivah Shubh Muhurat: चार महीने बाद देवउठनी एकादशी से शादियों का सीजन शुरू हो रहा है। नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक विवाह के सिर्फ 25 प्रमुख शुभ मुहूर्त रहेंगे।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:44 PM IST
vivah shubh muhurat november 2026 to march 2027 wedding dates devuthni ekadashi
Vivah Shubh Muhurat: नवंबर से मार्च तक विवाह के लिए सिर्फ 25 शुभ मुहूर्त (फोटो सोर्स- ChatGPT)

Devuthani Ekadashi 2026: चार महीने से विवाह और मांगलिक आयोजनों की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए 20 नवंबर से शुभ समय शुरू होने जा रहा है। देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और भगवान श्री हरि योगनिद्रा से जागने पर विवाह संस्कारों की शुरुआत हो जाएगी। इस बार विवाह के नियमित मुहूर्त कम होने के वावजूद एकादशी के अबूझ मुहूर्त में बड़ी संख्या में शादियां होंगी। इसके बाद नवंबर से मार्च 2027 तक अलग-अलग तिथियों में विवाह (Vivah Shubh Muhurat) का सिलसिला चलेगा यानी घरों में शादी की तैयारियां, बाजारों में खरीदारी और मैरिज गार्डन में उत्सव की रौनक लौटने वाली है।

चार महीने के इंतजार के बाद बजेगी शहनाई

सनातन परंपरा में देवउठनी एकादशी को मांगलिक कार्यों की शुरुआत का विशेष पर्व माना जाता है। आषाढ़ शुक्ल एकादशी से योगनिद्रा में गए श्री हरि कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागते है। इसके साथ चातुर्मास का समापन होता है और विवाह, गृह प्रवेश, यज्ञोपवीत, गृह आरंभ तथा अन्य शुभ संस्कारों के आयोजन का रास्ता खुल जाता है। 20 नवंबर शुक्रवार को रवि योग में देव प्रबोधन होगा। ज्योतिषाचार्य पंडित अमर डब्बावाला के अनुसार, देवउठनी एकादशी से ही मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त प्रारंभ हो जाते हैं। विशेष रूप से विवाह संस्कार के लिए देव प्रबोधन को जरूरी माना गया है। यही वजह है कि इस तिथि का धार्मिक और सामाजिक, दोनों दृष्टियों से विशेष महत्व है।

अबूझ मुहूर्त में हजारों शादियों की तैयारी

देवउठनी एकादशी को अबूझ मुहर्त माना जाता है यानी इस दिन विवाह जैसे शुभ कार्यों के लिए अलग से लग्न और मुहूर्त निकलवाने की आवश्यकता नहीं मानी जाती। यही कारण है कि नियमित विवाह मुहूर्त कम होने के बावजूद इस दिन देशभर में बड़ी संख्या में शादियां आयोजित होती है।

गन्ने के मंडप में होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

देवउठनी एकादशी केवल विवाह सीजन की शुरुआत का पर्व नहीं, बल्कि तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा से भी जुड़ा है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालु आंगन या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप सजाकर भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह संपन्न कराएंगे। पूजन में भगवान विष्णु को नए अनाज, सिंघाड़ा, आंवला, बेर और गन्ना अर्पित किया जाएगा। मान्यता है, तुलसी-शालिग्राम विवाह के साथ ही मांगलिक आयोजनों का शुभारंभ होता है।

विवाह के मुहूर्त कम, मार्च तक रहेगा सीजन

इस वर्ष विवाह के शुभ मुहूतों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। ज्योतिषाचार्य पं. अमर डब्बावाला के अनुसार, गुरु के सिंह राशि में परिभ्रमण को लेकर अलग अलग पंचांगों में मुहूर्त की गणना में अंतर हैं। कुछ पंचांगों में शुरुआती तिथियों को विवाह के लिए शामिल नहीं किया गया है, जबकि कुछ में इनका उल्लेख है। मुहूर्त चिंतामणि की गणना के अनुसार नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक विवाह के लिए शुभ लग्न की 25 प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं।

विवाह की तिथियां

नवंबर 2026- 21, 24, 25, 26

दिसंबर 2026- 2, 3, 11, 12

जनवरी 2027- 25, 26, 31

फरवरी 2027- 2, 10, 15, 16, 20, 21, 27, 28

मार्च-27- 1, 2, 3, 9, 10, 14

अन्य मांगलिक संस्कार मुहूर्त

यज्ञोपवीत- फरवरीः 8, 22, 25; मार्च: 10

चौलकर्म- जनवरीः 29; फरवरी: 1, 8, 12, 16, 18, 19, 25, 28

देव प्रतिष्ठा जनवरीः 22, 28, 29; फरवरी: 3, 8, 12, 18, 19, 25; मार्च: 4, 5, 6, 10, 11, 14

गृह आरंभ जनवरीः 22, 28, 29; फरवरीः 8, 19, 25; मार्च: 4, 10

गृह प्रवेश- जनवरीः 28, 29; फरवरी: 8, 19, 25; मार्च: 3, 10

Updated on:
20 Nov 2026, 2:44 PM IST
Published on: