
धौलपुर. जनाना अस्पताल (एमसीएच) में गत दिनों बाड़ी उपखंड के गांव गडरपुरा निवासी प्रसूता सपना की डिलेवरी के कुछ देर बाद हुई मौत को लेकर पेच अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। जबकि उक्त घटनाक्रम में जिला कलक्टर और अस्पताल प्रशासन की ओर से अलग-अलग समितियां का गठन हुआ था और तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने का समय भी निकल चुका है लेकिन अभी तक प्रसूता की मृत्यु की जगह और टाइमिंग की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है।
परिजनों का आरोप था कि प्रसूता सपना की मौत डिलेवरी के बाद अस्पताल में हो गई और शव को एम्बुलेंस में रखवाया कर भिजवाया था। उधर, एमसीएच प्रशासन और पीएमओ डॉ.समरवीर सिंह ने जिला कलक्टर की ओर से एडीएम कार्यालय में बुलाई बैठक के दौरान प्रसूता की मौत अस्पताल में होने से स्पष्ट इनकार करते हुए कहा कि प्रसूता को इलाज के लिए हायर सेंटर रैफर किया गया था। उधर, मृतका के शव को जिला कलक्ट्रेट पर लाने के बाद में गिरफ्तार एम्बुलेंस चालक को पुलिस ने संस्थापन अधिकारी की ओर से दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेसी कर दिया। उक्त प्रकरण में एम्बुलेंस संचालक को भी सह आरोपित बनाया है। उक्त संचालक शहर में दो निजी अस्पताल का संचालन करता था, जिन्हें घटनाक्रम के बाद सीएमएचओ ने अनियमितता के चलते कार्रवाई कर सीज कर दिया।
गठित समिति की रिपोर्ट में क्या आया!
उधर, घटनाक्रम को लेकर गठित की गई दो अलग-अलग समितियों की जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आए, इसको लेकर अभी तक किसी तरह की जानकारी नहीं दी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जवाब देने से बच रहे हैं। उधर, कोतवाली थाने पर प्रसूता के परिजनों से भी अधिकारियों ने जानकारी ली थी लेकिन इसक पर भी अधिकारी चुप हैं।
यह सवाल, जिनका जवाब शेष
- प्रसूता को रैफर किया तो शव उसके गांव कैसे पहुंच गया?- एम्बुलेंस के रवाना होने के बाद स्कूटी से कौन भर्ती पर्चा देकर आया?
- प्रसूता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह और समय का अभी खुलासा नहीं?- निजी अस्पताल समेत अन्य जब्त की तीन डीवीआर में क्या फुटेज मिले?
- एमसीएच के सीसीटीवी और अभय कमांड के सीसीटीवी फुटेजों की जांच क्यूं नहीं हुई?- प्रसूता का छठवीं डिलेवरी थी, परिवार कल्याण पर सवाल खड़े?
- पीएमओ ने बताया कि प्रसूता रात ११ बजे से दूसरे दिन सुबह ७ बजे तक लापता थी, तो फिर वह कहां पर रही?- प्रसूता की मृत्यु के ७ दिन बाद भी किसी पर जिम्मेदारी तय नहीं?