20 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

धौलपुर-गढ़ी सांधरा व बाड़ी स्टेशन के बीच इस साल दौड़ेगी ट्रेन

बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना धौलपुर-सरमथुरा-गंगापुर सिटी के प्रथम चरण का कार्य चल रहा है लेकिन बाड़ी और गढ़ी सांधरा क्षेत्र के लोगों को ज्यादा इतंजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे के अनुसार धौलपुर-गढ़ी सांधरा और बाड़ी सेक्शन के बीच ट्रेन संचालन इस साल नवम्बर-दिसम्बर के बीच शुरू होने की संभावना है।
3 min read
Google source verification
Dholpur news

धौलपुर. धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास बिछा ट्रेक।

धौलपुर. आगरा रेल मंडल की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना धौलपुर-सरमथुरा-गंगापुर सिटी के प्रथम चरण का कार्य दौड़ रहा है हालांकि, सरमथुरा तक ट्रेन संचालन के लिए जिलेवासियों को फिलहाल अगले साल जून 2027 तक इंतजार करना होगा। लेकिन बाड़ी और गढ़ी सांधरा क्षेत्र के लोगों को ज्यादा इतंजार नहीं करना पड़ेगा। रेलवे के अनुसार धौलपुर-गढ़ी सांधरा और बाड़ी सेक्शन के बीच ट्रेन संचालन इस साल नवम्बर-दिसम्बर के बीच शुरू होने की संभावना है।

सेक्शन में रेल लाइन बिछाने, ट्रेक सिग्नल, कम्युनिकेशन, छोटे ब्रिज, पुलिया समेत अन्य कार्य पूर्ण हो चुके हैं। माना जा रहा है कि धौलपुर से बाड़ी के बीच ट्रेन से सफर अब ज्यादा दूर नहीं है। हालांकि, सरमथुरा से पड़ोसी करौली जिले से कनेक्ट होने में अभी समय लगेगा। यहां पर अभी सर्वे कार्य होने के बाद जमीन आवंटित और फिर बजट कार्य के बाद द्वितीय चरण में कार्य होगा। धौलपुर-सरमथुरा से आगे द्वितीय चरण का आने वाले दिनों में कार्य होने के बाद आगरा मंडल के लिए एक नई लाइन खुल जाएगी। जो भविष्य में आगरा मंडल और दिल्ली के ट्रेफिक को कोटा मंडल और गुजरात की तरफ जाने के लिए एक नया रेल रुट मार्ग खुलेगा। अभी तक कोटा मंडल की तरफ जाने के लिए धौलपुर जिले के लोगों को आगरा, मथुरा, रूपवास, बयाना या फिर भरतपुर स्टेशन जाना पड़ता है। सरमथुरा लाइन के गंगापुरसिटी से जुडऩे के बाद क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आगरा मंडल अपना ट्रेफिक विशेष मालगाडिय़ों को यहां से कोटा, रतलाम, मुंबई और गुजरात की तरफ भेज सकेगा।

स्टेशन पर मुख्य द्वार का कार्य जारी

धौलपुर रेलवे स्टेशन की नवीन भवन की इमारत पहले ही तैयार हो चुकी है। अब सडक़ की तरफ मुख्य गेट का निर्माण कार्य चल रहा है। अब वाहन चालक और ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य निजी वाहन मुख्य इमारत की पार्किंग लेन में घूमकर निकल सकेंगे। साथ ही यात्री मुख्य इमारत के प्रथम तल से टिकट लेकर सीढ़ी के जरिए कनेक्ट होने वाले नवीन एफओबी से प्लेटफार्म की तरफ आ-जा सकेगा। अभी यात्री आरक्षण केन्द्र से टिकट लेकर आगे छोटे एफओबी या फिर ट्रेक क्रॉस करके निकल रहे हैं।

नेरौगेज लाइन से ब्रॉड गेज लाइन...

धौलपुर नेरौगेज लाइन रेलवे की पुरानी लाइनों में से एक है। यह करीब 115 वर्ष पुरानी लाइन थी, जिसे ब्रिटिश काल के दौरान धौलपुर रियासत के महाराजा राम सिंह के समय सन 1908 में शुरू किया गया था। इसे पहले धौलपुर-बाड़ी लाइट रेलवे कहा जाता था। इसमें पहले रेड स्टोन की ढुलाई होती थी, फिर सवारी गाड़ी हो गई। छोटी लाइन के नाम से पहचानी जाने वाली इस ट्रेक की सरमथुरा से धौलपुर 72 किमी और धौलपुर से यूपी के तांतपुर स्टेशन तक 60 किमी दूरी है। यह मोहारी रुट से तांतपुर की तरफ जाती थी। तांतपुर रेड स्टोन मंडी के लिए फेमस है।

मथुरा-झांसी तीसरी लाइन का भी कार्य जारी

आगरा मंडल में रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने और और सुरक्षित संचालन के उद्देश्य से मथुरा-झांसी तृतीय लाइन परियोजना के तहत भांडई-कीथम बाइपास लाइन का निर्माण भी चल रहा है। करीब 26.5 किलोमीटर लंबी इस बाइपास लाइन का करीब 82 प्रतिशत सिविल कार्य पूरा हो चुका है। मथुरा-झांसी तृतीय रेल लाइन परियोजना की कुल अनुमानित लागत 5,960.76 करोड़ रुपए है। बाइपास लाइन आगरा क्षेत्र में रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने के साथ ही ट्रेनों के संचालन को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने में मदद करेगी। परियोजना में अब तक 38.65 लाख घन मीटर अर्थवर्क पूरा किया जा चुका है। वहीं, 57 में से 53 छोटे पुलों का निर्माण भी हो गया है। 18 बड़े पुलों के सभी सब.स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो गया है जबकि 13 बड़े पुलों के सुपर.स्ट्रक्चर भी तैयार किए जा चुके हैं। पुलों की संख्या 37 से बढ़ाकर 75 की गई है। भांडई-कीथम के बीच नानपुर में नया क्रॉसिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है। बाइपास लाइन के लिए करीब 161 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है, जिसके लिए 540.20 करोड़ रुपए की धनराशि दी जा चुकी है।

- धौलपुर-सरमथुरा ब्रॉडगेज लाइन का कार्य जून 2027 तक पूर्ण होना है। इस साल धौलपुर-बाड़ी और गढ़ी सांदरा स्टेशन तक ट्रेन संचालन शुरू होगा। पूर्ण प्रोजक्ट अगले साल तक होगा।

- संजय कुमार गौतम, पीआरओ, आगरा रेल मंडल