धौलपुर

VIDEO: सीएम राजे के ‘गढ़’ धौलपुर में राहुल गांधी, BSP जनाधार सीटों पर भी सेंध लगाने की रहेगी कोशिश

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

2 min read
Oct 09, 2018
rahul gandhi rajasthan dholpur visit

भरतपुर।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज से दो दिवसीय राजस्थान दौरे पर रहेंगे, राहुल गांधी पहले दिन भरतपुर संभाग में भरतपुर और धौलपुर में तीन सभा और स्वागत कार्यक्रमों में भाग लेंगे। कांग्रेस राहुल गांधी के दौरे के जरिए एक तीर से कई निशाने लगाने की कोशिश कर रही है। गांधी अपने दौरे में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गृह जिले धौलपुर में तो सेंध लगाएंगे ही साथ ही बसपा जनाधार वाली सीटों में भी चुनाव प्रचार करेंगे, पिछले डेढ़ महीने में राहुल गांधी का राजस्थान में तीसरा दौरा है। इस बार राहुल गांधी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ धौलपुर में सेंध लगाने आ रहे हैं।

राहुल गांधी उन 8 से 10 सीटों को भी कवर करेंगे जहां बसपा का मजबूत जनाधार माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में बसपा से गठबंधन टूटने के बाद कांग्रेस की यह रणनीति बेहद अहम मानी जा रही है। दरअसल, इस बार कांग्रेस ने भाजपा पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए दौरे की शुरूआत के लिए मुख्यमंत्री के गृहजिले धौलपुर को चुना है, इसके अलावा अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी धौलपुर भरतपुर और दौसा की 17 में से 10 सीटों पर दौरा करेंगे जहां बसपा का बड़ा जनाधार है, जहां कांग्रेस के बसपा की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

जारी हुआ मिनिट-टू-मिनिट कार्यक्रम
राहुल गांधी के कार्यक्रम के मिनिट्स के हिसाब से राहुल 9 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे धौलपुर के मनिया खेड़ा पहुंचेंगे। यहां राहुल हेलीकाफ्टर से आएंगे। इसके लिए मनिया खेड़ा के टीकाराम पालीवाल स्कूल में हेलीपैड बनाया गया है। यहां राहुल गांधी की एक कॉर्नर सभा होगी। इसके बाद 12.20 बजे से राहुल गांधी मनिया से रोड शो की शुरुआत करेंगें। 12:50 पर धौलपुर गुलाब बाग में उनका स्वागत कार्यक्रम रहेगा। जबकि 2:30 बजे बाड़ी स्टेडियम में राहुल गांधी की सभा होगी और बसेड़ी शाम 4 बजे स्वागत कार्यक्रम रहेगा। इसके बाद 5:30 बजे बयाना मोड़ बसेड़ी में राहुल सभा को संबोधित करेंगे, फिर 6:30 बजे भरतपुर में वैर नगर पालिका मैदान में राहुल सभा करेंगें।

जयपुर में दो कार्यक्रम में करेंगे शिरकत
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने बताया कि बुधवार को राहुल गांधी सुबह 10 बजे युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को होटल क्लार्क आमेर और सुबह 11 बजे जयपुर के राजपूताना शेरेटन में वाईपीओ एंड ई.ओ. के साथ संवाद कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद गांधी दोपहर एक बजे बीकानेर जाएंगे और सरदार पटेल कॉलेज ग्राउंड, बीकानेर में जनसभा को संबोधित करेंगे।

Published on:
09 Oct 2018 08:31 am