2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चुनावी व्यूह में सुरक्षा चक्र बनाने में जुटी पुलिस अभी से उतरी मैदान में

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस अभी से मैदान में उतर गई है। उसने चुनावी एक्शन प्लान तैयार कर लिया है।

2 min read
Google source verification
rajasthan assembly election 2018

rajasthan assembly election 2018

बीकानेर. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस अभी से मैदान में उतर गई है। उसने चुनावी एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। एएसआई से लेकर पुलिस उप अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को अपराधियों पर निगरानी रखने और इलाके में सुरक्षा का माहौल बनाने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। आदतन अपराधियों का पुलिस ने पूरा डेटाबेस तैयार कर लिया है, जिन्हें पाबंद किया जा रहा है। हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने जिले में सातों विधानसभा क्षेत्रों में संवेदनशील इलाके चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए २१ प्लाइंग फोर्स टीमें गठित की गई हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में तीन सदस्यीय टीम काम कर रही है। संबंधित एसएचओ व पुलिस उप अधीक्षक इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। पुलिस ने जिलेभर में अब तक 6७ से अधिक भयग्रस्त इलाके चिह्नित किए है। फ्लाइंग टीमें क्षेत्र में आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों, मतदाताओं को डराने-धमकाने, नकदी का लालच देने, शराब का आदान-प्रदान, तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।

आदतन अपराधियों को नोटिस
जिलेभर में ३६७ आदतन अपराधियों को पाबंद किया जा रहा है और उन्हें नोटिस दिए जा रहे है। उन्हें चुनाव तक हर दिन थाने में हाजिरी देनी होगी। इसके लिए एएसआई को जिम्मेदारी दी गई है। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है, जो लूट, हत्या, डकैती, जानलेवा हमला एवं पूर्व में चुनाव के दौरान वांछित गतिविधियों में संलिप्त थे। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलेभर में तैनात होगी पैरामिल्ट्री फोर्स
चुनाव के दौरान बाहरी अपराधियों के प्रवेश पर रोक के लिए जिलेभर में ३७ स्थायी नाके लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं, चुनाव में धांधली रोकने के लिए पैरा मिल्ट्री फोर्स तैनात की जाएगी। पैरा मिल्ट्री फोर्स में बीएसएफ, सीआरएफ के जवान होंगे। फोर्स की एक टीम अक्टूबर को बीकानेर पुलिस को मिल जाएगी और शेष दो टीमें नवंबर तक मिलेंगी।

सुरक्षित कराएंगे चुनाव
पुलिस ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। हार्डकोर अपराधियों और संवेदनशील इलाकों को चिह्नित कर रहे हैं। चुनाव में कोई धांधली न हो, इसके लिए पैरामिल्ट्री फोर्स को इलाकों में तैनात किया जाएगा। वारंटियों को अभियान के तहत गिरफ्तार कर रहे हैं। केन्द्रीय चुनाव निर्वाचन आयोग को हर दिन रिपोर्ट भेजी जा रही है। लाइसेंसधारी हथियारों को जमा करने का काम भी कर रहे हैं। चुनाव हर हाल में सुरक्षित कराएंगे।
सवाईसिंह गोदारा, पुलिस अधीक्षक