धौलपुर

राजस्थान में मगरमच्छ ने 14 वर्षीय बालिका को बनाया शिकार, भैंस को निकालने के लिए पानी में उतरी थी

Dholpur Crocodile Attack : धौलपुर शहर से चम्बल नदी के लगे राजघाट गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशियों को पानी पिलाने गई 14 वर्षीय बालिका भारती को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
2 min read
May 20, 2026
Dholpur Crocodile Attack
Dholpur Crocodile Attack- Photo- AI

Dholpur Crocodile Attack : धौलपुर। शहर से चम्बल नदी के लगे राजघाट गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मवेशियों को पानी पिलाने गई 14 वर्षीय बालिका भारती को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

राजघाट निवासी दीनदयाल की बेटी भारती रोजाना की तरह सुबह करीब 11 बजे मवेशियों को पानी पिलाने चंबल नदी पर गई थी। इसी दौरान एक भैंस पानी में उतर गई। उसे बाहर निकालने के लिए भारती नदी में उतरी, तभी पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर नदी के दूसरे किनारे की ओर ले जाने लगा । भारती के साथ मौजूद दूसरी लड़कियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ उसे दूर तक घसीटता रहा।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण

बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद भारती को मगरमच्छ के कब्जे से छुड़ाया। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही चंबल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर छा गई है।

चौथी कक्षा में पढ़ती थी भारती

ग्रामीणों के अनुसार भारती पांच बहनों में सबसे छोटी थी, उससे छोटा एक भाई है। भारती की 3 बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। वह गांव के ही सरकारी स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती थी। भारती के पिता ड्राइवरी का काम करते है।

पहले भी हो चुके हादसे

- अप्रेल में कोटा जिले के खातौली थाना क्षेत्र की बागली ग्राम पंचायत के घटोद गांव में एक व्यक्ति को उसके दो बेटों के सामने एक मगरमच्छ जबड़ों में दबाकर चंबल नदी में खींचकर ले गया था। करीब चार घंटे की मेहनत के बाद मृतक का शव ग्रामीणों ने ढूंढ निकाला जो घटना स्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर था।

-पिछले साल सितंबर में बारां जिले के मेहताबपुरा में पार्वती नदी किनारे पानी भरने गई 16 वर्षीय बालिका को मगरमच्छ नदी में खींचकर ले गया था।

Updated on:
20 May 2026 07:01 pm
Published on:
20 May 2026 07:01 pm