धौलपुर

राजस्थान के धौलपुर में सरपंच चुनाव से पहले बवाल, दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग; एक की मौत, भारी पुलिस जाब्ता तैनात

Dholpur Firing: सरमथुरा के बरौली गांव में चुनावी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने बाद में रिंकू पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी। गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 7:28 AM IST
Dholpur Firing
फायरिंग की घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात। फोटो: सोशल

सरमथुरा (धौलपुर)। बरौली गांव में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों में रविवार रात्रि को आपस में झगड़ा हो गया। देर रात दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने हो गए और फायरिंग हो गई। फायरिंग में पीतम पुत्र कल्याण की गोली लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही सरमथुरा सीओ दुलीचंद गुर्जर सहित सरमथुरा, आंगई, नादनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष के उपद्रवी लोग भाग गए। फायरिंग में दूसरे पक्ष का युवक रिंकू घायल हुआ है, जिसे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर रैफर किया है। वहीं घटना से गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने बाद में रिंकू पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी। मौके पर पुलिस पहुंची और आग को मदद से बुझवाया। उधर, गांव में पुलिस बल तैनात किया है।

घायल युवक भाग निकला

फायरिंग में घायल रिंकू के हाथ में गोली लगी थी। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह भाग गया। जिसे पुलिस तलाश रही है। घायल रिंकू के भाई की पत्नी रजनी निवर्तमान सरपंच है। इस बार सीट सामान्य महिला है जिस पर रजनी फिर से मैदान में है।

चुनावी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच हुई फायरिंग

धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि सरमथुरा के बरौली गांव में चुनावी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच फायरिंग हुई। इस घटना में पीतम मीणा नाम के एक व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को सरमथुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में भेज दिया गया है।

गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात

घटना में शामिल सभी लोगों की सूची तैयार कर ली गई है और पुलिस की कई टीमें तैनात कर दी गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारियों समेत आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद बरौली गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई।

Updated on:
16 Nov 2026, 7:28 AM IST
Published on: