धौलपुर

राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले धौलपुर में BSP कार्यालय के बाहर फायरिंग, वीडियो हुआ वायरल

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव से पहले धौलपुर जिले में बसपा कार्यालय के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
2 min read
Aug 24, 2026
BSP Office Firing
BSP कार्यालय के बाहर फायरिंग। फोटो: पत्रिका

धौलपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव से पहले धौलपुर जिले में बसपा कार्यालय के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने फायरिंग करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। साथ ही आरोपी के पास से पुलिस ने अवैध हथियार भी बरामद किया है। पुलिस अब आरोपी के साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

बता दें कि धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में बसपा कार्यालय के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। इस घटना से इलाके में लोग दहशत में आ गए थे। निकाय चुनाव से ठीक पहले सामने आई इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था और चुनावी माहौल को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है कि फायरिंग के पीछे क्या मकसद था।

वीडियो हुआ वायरल

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है। जिसमें कुछ युवक फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। घटना 21 अगस्त की बताई जा रही है। हालांकि, वीडियो वायरल अब वायरल हो रहा है। फायरिंग मामले के बाद एडिशनल एसपी श्रवण कुमार और कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश की।

एक आरोपी गिरफ्तार

एसएचओ महेंद्र शर्मा का कहना है की घटना में लिप्त फायरिंग करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जिससे अवैध हथियार भी बरामद किया है तो अन्य युवकों की तलाश जारी है। मामले को लेकर बसपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका चुनाव प्रभारी आरिफ खान का कहना है कि उनको लगता है कि नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण को प्रभावित करने के लिए कार्यालय के बाहर यह फायरिंग की गई है। असामाजिक तत्व कौन है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

मीटिंग के दौरान बसपा कार्यालय के बाहर हुई थी घटना

शुक्रवार को दिन में मीटिंग के दौरान बाहर यह घटना हुई है। उस वक्त मीटिंग में बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रवीण भास्कर और प्रदेश सदस्य नारायण सिंह मस्ताना भी मौजूद थे। घटना को लेकर कोतवाली थाना अधिकारी महेंद्र शर्मा ने बताया कि शहर के ए वन पैलेस के पास फायरिंग की घटना हुई थी। जिसमें एडिशनल एसपी श्रवण कुमार के निर्देश पर तुरंत आरोपियों की तलाश में टीम गठित की गई।

Updated on:
24 Aug 2026 11:59 am
Published on:
24 Aug 2026 11:59 am