
धौलपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष और उप जिला प्रमुख रह चुके बांकेलाल लोधा ने अपने परिजनों व अन्य लोगों के साथ मिलकर शनिवार शाम गांव तगावली में एक वृद्ध की लाठियों व सरियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों द्वारा ट्रैक्टर से शव को कुचलने का प्रयास करने की भी बात सामने आ रही है। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने से आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल में रखवाया है।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बाबूलाल लोधा निवासी तगावली की गांव में पैतृक जमीन है। परिजनों का आरोप है कि बाबूलाल की जमीन के कुछ हिस्से पर कई वर्ष से गांव में रहने वाले भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बांकेलाल लोधा ने कब्जा कर रखा है, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कई बार कहासुनी हो चुकी है व दोनों के मध्य न्यायालयों में प्रकरण चल रहे हैं। बांकेलाल की आपराधिक प्रवृत्ति के कारण बाबूलाल गांव छोड़कर शहर में रह रहा था।
कुछ दिनों पहले बाबूलाल ने गांव में अपनी जमीन को स्थानीय निवासी ओमप्रकाश कोली को बंटाई पर दे दिया, जिसकी कुछ दिनों पहले जोत कर दी थी। शनिवार को खेत में बुवाई कार्य के दौरान बाबूलाल पहुंचा।
इस दौरान मौका पाकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बांकेलाल लोधा अपने पुत्रों व अन्य साथियों के साथ पहुंचा और बाबूलाल पर लाठी व सरियों से हमला बोल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटनाक्रम को देख रहे ग्रामीणों ने हल्ला मचा दिया और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी बांकेलाल लोधा और बाबू लाल के मध्य पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
आपराधिक प्रवृत्ति का रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हत्या के आरोपी बांकेलाल लोधा का आपराधिक रिकॉर्ड काफी पुराना है। इसके अलावा बांकेलाल के पुत्र आशीष के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।