
Dholpur, बाड़ी उपखंड के सदर थाना क्षेत्र के कुहावनी गांव में 19 जुलाई को हुई नाबालिक की दर्दनाक हत्या का खुलासा रविवार को पुलिस ने कर दिया। हत्या में शामिल चार नाबालिकों को भी निरुद्ध किया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक मनोज से उनकी किसी युवती को लेकर दुश्मनी थी, जिसको लेकर घटना से दो दिन पहले झगड़ा भी हुआ था। यह प्रेम प्रसंग का मामला था या कोई और पुलिस अभी भी मामले में जांच कर रही है।
कुहावनी गांव में नाबालिक की पत्थरों से कुचल की गई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। 19 जुलाई को जब मनोज भैंसों को लेकर नहर किनारे चराने निकला तो चारों नाबालिकों ने उसका पीछा किया और मनोज के मोबाइल देखते समय पीछे से जाकर सिर पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे वह अचेत हो गया। उसके बाद सिर पर पत्थरों से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्यारोपियों ने तथ्य छुपाने के लिए मनोज के शव के ऊपर प्लास्टिक की तिरपाल डालकर जंगल मे नहर किनारे पटक दिया। आरोपियों ने घटनाक्रम में केवल लाठी, पत्थरों का उपयोग किया जो जब्त कर लिए गए हंै, चारों आरोपी नाबालिग हैं। जिनको बाल संप्रेषण गृह धौलपुर भेज दिया गया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
ग्रामीणों ने किया था विरोध प्रदर्शन
कुहावनी गांव में 16 वर्षीय नाबालिक मनोज मीणा पुत्र मुन्ना लाल की क्षतविक्षत डेडबॉडी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी रोष देखा गा था। जिसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन भी किया और हाइवे तक पर जाम की स्थिति तक खड़ी हो गई थी। जिसके बाद एसपी विकास सांगवान और कलक्टर बाड़ी पहुंचे और परिवारीजनों और ग्रामीणों से समझाइश की। इसके बाद परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए जांच बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार को सौंपी गई।
चार नाबालिक किए निरुद््ध
उक्त हत्याकांड को लेकर परिजनों की तहरीर पर बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार मीणा मामले की जांच में जुटे थे। जिसमें एडिशनल एसपी श्रवण कुमार के साथ सदर थाना एसएचओ मोहर सिंह और कई थानों की पुलिस टीम भी सहयोग कर रही थी। रविवार को सदर थाने पर एडिशनल एसपी श्रवण कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए घटनाक्रम में शामिल चार नाबालिकों को निरुद्ध किया है।
क्या बोले एडिशनल एसपी
एडिशनल एसपी श्रवण कुमार ने बताया कि 6 दिन के गहन अनुसंधान के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ है। चार नाबालिग दोस्तों ने मिलकर मनोज की हत्या की है। इसमें एफएसएल टीम, साइबर टीम, ह्यूमन रिसोर्स, तकनीकी साक्ष्य सहित विभिन्न पहलुओं का सहयोग लिया है। चारों नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है, जो घटनाक्रम में शामिल थे। उक्त घटनाक्रम के साथ जिले में घटित हुई अन्य घटनाओ को लेकर एडिशनल एसपी श्रवण कुमार ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें। मोबाइल को लेकर भी सचेत रहें और बच्चे किन के साथ समय व्यतीत कर रहे हैं। इस पर भी निगाह बनाए रखें। जिससे वे किसी घटनाक्रम का शिकार नहीं हो।