
Dholpur: मृतक रवि और सफेद टी-शर्ट में सोनू। फोटो-पत्रिका
धौलपुर। जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-123 पर एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तसीमो गांव के पास पार्वती नदी के पुल पर उस समय हुआ, जब सीएनजी सिलेंडर ले जा रहे वाहन और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही बाइक भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार एक युवक पुल से करीब 50 फीट नीचे पार्वती नदी में जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। पुल के नीचे गिरे युवक को ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। हालांकि मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण तीनों घायलों को निजी वाहनों से करीब 25 किलोमीटर दूर धौलपुर जिला अस्पताल ले जाना पड़ा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने परौआ गांव निवासी सोनू पुत्र रामसेवक और उसके चचेरे भाई रवि पुत्र कल्ला को मृत घोषित कर दिया। दोनों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है। वहीं तीसरा घायल सत्यभान निवासी मसूदपुर की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि सत्यभान रिश्ते में दोनों मृतकों का साला लगता है। तीनों युवक बाइक से उसे उसके गांव छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुए हादसे से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सैंपऊ क्षेत्र में पिछले कई दिनों से 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। यदि समय पर एंबुलेंस मिल जाती तो घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से तत्काल एंबुलेंस सेवा बहाल करने की मांग की है।
इधर, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने हादसे पर दुख जताते हुए वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है और दुपहिया वाहन चालकों को हमेशा हेलमेट पहनकर ही सफर करना चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-123 पर तसीमो स्थित पार्वती नदी का पुल संकरा होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्रवासियों ने इस स्थान पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और पुल के चौड़ीकरण की मांग भी उठाई है।
Updated on:
25 Jul 2026 11:15 pm
Published on:
25 Jul 2026 11:15 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
