
प्रसूता की मौत के बाद विलाप करते परिजन
धौलपुर. जनाना अस्पताल (एमसीएच) में प्रसूता सपना पत्नी (31) अक्षय सपेरा की डिलेवरी के बाद हुई मौत के घटना स्थल पर असमंजस बरकरार है। पीएमओ डॉ.समरवीर सिंह प्रसूता की मौत एमसीएच से रैफर होने के बाद बता रहे हैं। जबकि मृतका के परिजन और पति अक्षय मौत अस्पताल में मंगलवार सुबह डिलेवरी के कुछ समय बाद होने का दावा कर रहा है। उधर, उक्त प्रकरण को लेकर जिला और अस्पताल प्रशासन की ओर से दो अलग-अलग जांच समितियों का गठन किया है।
वहीं, मौत के बाद प्रसूता के शव को जिला कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय की सीढिय़ों के पास रखने के मामले में जिला प्रशासन की ओर से कोतवाली थाने में एम्बुलेंस चालक और संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। हालांकि, पुलिस उक्त घटनाक्रम को लेकर जानकारी देने से बच रही है। गौरतलब रहे कि प्रसूता 20 जुलाई को एमसीएच में भर्ती हुई और दूसरे दिन सुबह डिलेवरी होने के बाद हालत गंभीर होने पर रैफर कर दिया, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल प्रशासन प्रसूता को 20 जुलाई की रात करीब 11 से सुबह 7 बजे तक बेड पर नहीं होने का दावा कर रहा है।
इंसाफ मांगने और सहायता को गए थे कलक्ट्रेट...
उधर, मृतका के पति अक्षय समेत अन्य परिजनों का कहना है कि वह शव को बाड़ी से वापस कलक्ट्रेट चिकित्सकों की लापरवाही और मासूम बच्चों के भविष्य के लिए गए थे। परिजनों ने कहा कि वह किसी के कहने पर जिला कलक्ट्रेट नहीं गए। मृतका की नवजात बच्ची का इलाज अभी भी एमसीएच में चल रहा है। उसके पहले से चार बच्चे हैं, सभी छोटे हैं। वहीं, सास संतरा का कहना है कि अस्पताल प्रशासन के आरोप गलत हैं, उसकी बहू और अन्य परिजन रात में अस्पताल परिसर में ही थे। उधर, तीन निजी अस्पतालों की सीसीटीवी फुटेज जांच को घटनाक्रम के बाद डीवीआर प्रशासन ने जब्त की थी, वह अभी तक पुलिस के पास नहीं पहुंची है।
गेट पर नहीं दिखा गार्ड, गोवंश और श्वान घूमते नजर आए
एमसीएच अस्पताल में किस तरह की व्यवस्थाएं है यह गेट से घुसते ही नजर आ जएंगी। पहले तो आड़े-तिरछे वाहन और मरीज और परिजनों को निकलने में ही खासी जद्दोजहद करनी पड़ती है। उधर, गेट पर भी हालात खराब है। गेट तक निराश्रित जानवर पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका रहती है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट तक श्वानों को पकडऩे के निर्देश दे चुकी है और यहां श्वान अंदर तक दिख जाएंगे। वहीं, पान और गुटखा की चित्रकारी भी आसानी से नजर आ जाएगी। साथ ही नीचे की तरफ मरीजों के परिजन बैठे नजर आ जाएंगे।
एफआइआर में चल रही जांच...
उधर, एक अधिकारी की ओर से जिला कलक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को मृतका का शव रखने के मामले में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसएचओ रामकिशन यादव ने कहा कि उक्त प्राथमिकी में जांच चल रही है। हालांकि, इस एफआइआर में अभी पुलिस ने एम्बुलेंस चालक को गिरफ्तार नहीं किया है। घटना के समय पुलिस ने एम्बुलेंस जब्त कर चालक को शांतिभंग में पकड़ा था।
- उक्त प्रकरण में जांच चल रही है। वह कमेटी में बतौर सदस्य जो जांच के बिन्दु हंै, उन्हें पूर्ण करेंगे। रिपोर्ट ज्वाइंट जाएगी, जो प्रशासन को सौंपी जाएगी। जब्त डीवीआर पुलिस के पास नहीं हैं।
- कृष्णराज जांगिड, सीओ शहर धौलपुर
Updated on:
24 Jul 2026 06:34 pm
Published on:
24 Jul 2026 06:34 pm
