25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dholpur Accident : तेज आवाज के साथ श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी पलटी, महिला की मौत, बच्चों समेत 20 लोग घायल

Dholpur Accident News : कैला देवी मंदिर में दो बच्चियों के मुंडन संस्कार के लिए जा रहा परिवार धौलपुर में सड़क हादसे का शिकार हो गया। टायर फटने से मैक्स गाड़ी पलट गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और बच्चों समेत 20 लोग घायल हो गए।
2 min read
Google source verification
Dholpur Accident

Dholpur Accident: हादसे के बाद की तस्वीर (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में धार्मिक यात्रा पर निकले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। आगरा से कैला देवी मंदिर जा रही श्रद्धालुओं से भरी मैक्स गाड़ी का टायर अचानक फट गया, जिससे तेज आवाज के साथ वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 20 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह हादसा बाड़ी सदर थाना क्षेत्र में हाईवे-11बी पर बिजौली और नयापुरा मोड़ के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज आवाज के साथ टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मैक्स कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर पुलिस को सूचना दी।

गंभीर घायल धौलपुर रेफर

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें बाड़ी अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद धौलपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

महिला की मौत

पुलिस के अनुसार हादसे में आगरा के ककुआ गांव निवासी 50 वर्षीय रिमला पत्नी दलेल की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका सहित सभी यात्री एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

दो बच्चियों का मुंडन संस्कार कराने जा रहा था परिवार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार कैला देवी मंदिर में दो मासूम बच्चियों के मुंडन संस्कार के लिए जा रहा था। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की खुशी लेकर निकले परिवार को रास्ते में इस हादसे ने गहरा सदमा दे दिया। दुर्घटना में महिलाएं, पुरुष और कई छोटे बच्चे घायल हुए हैं। इनमें से करीब 10 घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का उपचार बाड़ी अस्पताल में किया गया।

यह वीडियो भी देखें :

शव का कराया जा रहा पोस्टमार्टम

सदर थाना पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण वाहन का टायर फटना माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है और धार्मिक यात्रा एक दर्दनाक त्रासदी में बदल गई।