धौलपुर

तीन दिन पहले पत्नी और अब पति का पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

उपखंड के सिलावट ग्राम पंचायत के शेखपुर ब्राह्मण गांव निवासी एक व्यक्ति का शव मंगलवार दोपहर वन विभाग की नर्सरी के पास एक खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
2 min read
• •
Updated: 22 Feb 2023, 5:14 PM IST
husband was found hanging on the tree in dholpur

राजाखेड़ा (धौलपुर)। उपखंड के सिलावट ग्राम पंचायत के शेखपुर ब्राह्मण गांव निवासी एक व्यक्ति का शव मंगलवार दोपहर वन विभाग की नर्सरी के पास एक खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। जिसके बाद सम्पूर्ण क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

गौरतलब है कि इसी रविवार मृतक की पत्नी नर्मदा का शव भी घर के पास ही एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। तब मृतक के पुत्र विष्णु ने अपनी तीन सगी मौसियों, उनके 2 पुत्रों व 2 मौसा के विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कराया था।

जिसकी जांच अभी राजाखेड़ा पुलिस कर भी नहीं पाई थी कि मंगलवार अपराह्न नर्मदा के पति श्रीनिवास का शव भी पेड़ पर लटका मिलने से प्रकरण और भी गंभीर हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर कस्बे के शहीद राघवेंद्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया है।

मृतक के भाई ने दी तहरीर
देर शाम मृतक श्रीनिवास के भाई राजवीर ने राजाखेड़ा थाने में तहरीर दी है कि उसकी भाभी नर्मदा की हत्या 19 फरवरी की रात्रि को भूमि विवाद के कारण कर दी गई थी। जिसमें नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। जिसके बाद से ही हत्या के आरोपितों में शामिल बुद्धसिंह, गुड्डी व नीरज मेरे भाई श्रीनिवास पर राजीनामा का दबाव बना रहे थे। जिससे डर कर मंगलवार दोपहर को श्रीनिवास ने वन विभाग की नर्सरी के पास पेड़ पर फंदे से झूल कर अपनी जान दे दी है।

बेसुध हुआ पुत्र
मात्र तीन दिनों के भीतर पहले अपनी मां और फिर पिता की मृत्यु से उनका पुत्र विष्णु दोहरा आघात सहन नही कर पा रहा था। मंगलवार को चिकित्सालय परिसर में ही वह बार-बार बेसुध हो रहा था। जिसे परिजन होश में लाने का प्रयास कर रहे थे।

संपत्ति विवाद में गई पति-पत्नी की जान!
दोनों घटनाओं के मूल में सम्पत्ति विवाद भी सामने आ रहा है। मृतका नर्मदा पुत्री रामजीलाल कुल 5 बहनें हैं। जिनमें से एक की काफी समय पूर्व मौत हो चुकी है। कोई भाई नहीं होने के चलते चारों बहनों में पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ माह पूर्व इनके पिता रामजीलाल की मृत्यु के बाद विवाद काफी बढ़ गया था। रविवार को नर्मदा की मौत के बाद सभी पक्ष खामोश थे लेकिन, मंगलवार को उसके पति श्रीनिवास का शव भी मिलने के बाद अब प्रकरण दोबारा गहरा गया है।

Published on: