धौलपुर

Dholpur: मंदिर में चोरी की घटना को लेकर पंचायत, खुलासा नहीं तो धरना प्रदर्शन की चेतावनी

सैंपऊ थाना क्षेत्र के बाबू महाराज मंदिर में हुई लगातार चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में खासा आक्रोश बना हुआ है। चोरी की वारदातों को लेकर आसपास के गांव के लोगों की पंचायत बुलाई गई। जिसमें चोरी की घटनाओं को लेकर आपसी चर्चा करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया
2 min read
Dholpur news
चोरी की घटना को लेकर मंदिर में पंचायत करते ग्रामीण

dholpur, सैंपऊ थाना क्षेत्र में बाड़ी मार्ग स्थित बाबू महाराज मंदिर में हुई लगातार चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में खासा आक्रोश बना हुआ है। मंदिर महंत रूपचंद कुशवाह की ओर से आसपास के गांव के लोगों की पंचायत बुलाई गई। जिसमें चोरी की घटनाओं को लेकर आपसी चर्चा करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और आंदोलन की रणनीति तैयार की है। करीब एक माह पूर्व हुई चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी जिसमें दो युवक रात्रि के समय चोरी करते हुए साफ दिखाई दिए लेकिन पुलिस आज तक उनको चिन्हित भी नहीं कर पाई है।

पंचायत में लोगों ने कहा कि जिस तरह से भगवान के मंदिर को भी लोगों ने नहीं बख्सा है वह लोगों की आस्था पर बड़ा कुठाराघात है। इस तरह की घटना बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सीसीटीवी में फुटेज सामने आने के बाद भी पुलिस के द्वारा आरोपियों तक नहीं पहुंचना पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। पंचायत के दौरान लोगों ने आपस में बातचीत करते हुए कुछ लोगों ने लोकल के गांव के ही असामाजिक तत्व इस घटना में सक्रिय रहने का अंदेशा जताया जिसको लेकर भी आपस में बातचीत की लेकिन बुजुर्गों ने कहा कि यदि पुराने जमाने के मुताबिक कुछ शगुन लेने वालों से भी यदि पूछा जाए और यदि शगुन लेने बाले ने किसी सीधे और भले आदमी का नाम ले दिया तो वह भी ठीक नहीं रहेगा। इसलिए पुलिस कार्यवाही के लिए ही सभी को एक जुट होकर रणनीति बनानी होगी। मंदिर महंत रूपचंद ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर वह कई बार थाने पर पुलिस अधिकारियों से मिले हैं। उनके द्वारा कुछ रात्रि के समय गुजरने बाले कई संदिग्ध बाइक सवारों को लेकर भी सूचना दी है लेकिन उनके द्वारा बार-बार कार्रवाई के नाम पर झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं पुलिस आज तक अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए किसी मुकाम तक नहीं पहुच सकी है उन्होंने कहा कि पुलिस के अब यह झूठे आश्वासन हम बिल्कुल नहीं सहन करेंगे।

पुलिस थाने में धरना प्रदर्शन की चेतावनी

मंदिर सहित आसपास क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने को लेकर विरोध उठ रहा है। बीती वर्ष 27 नवंबर को मंदिर परिसर में रखी महंत रूपचंद पुत्र रामबाबू कुशवाह की बाइक चोरी हो गई। वहीं विशंभर कुशवाह की भी बाइक चोरी हुई। जिनका आज तक कोई सुराग नहीं लगा है। करीब एक माह पूर्व मंदिर से अनेकों पीतल के घंटे चोरी हो गए, यह घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। अब हाल ही में 11 जुलाई को पास में ही एक दुकान के बाहर लगा प्रकाश पुत्र ठकुरी का विद्युत ट्रांसफॅार्मर चोरी हो गया पुलिस के द्वारा एक भी घटना का खुलासा नहीं किया जा सका है इसके विरोध में आसपास के गांव सेवा का पुरा, बीधा का पुराए धन्ने का पुरा, बाबू का पुरा, पुरा सिकरौदा, नगला बिधोरा आदि गांव के बड़ी संख्या में मौजूद लोग रामजीलाल, मोहन सिंह, प्रकाश मिस्त्री, ओमवीर, कमल सिंह, महेंद्र सिंह, वीरी सिंह, हाकिम भगत, जगन्नाथ भगत, किरोड़ी लाल आदि की ओर से आपस में चर्चा के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर बड़ी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान मंदिर भगत रूपचंद ने 2 दिन में पुलिस की ओर कोई कार्रवाई तक नहीं पहुंचने पर जिला कलक्टर को ज्ञापन और पुलिस थाने में धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

Updated on:
22 Jul 2026 06:38 pm
Published on:
22 Jul 2026 06:38 pm