धौलपुर

Rajasthan: ‘मालिक बने बैठे हो क्या? सस्पेंड कर घर बैठा दूंगा..,’ पंचायत चुनाव के बीच निर्वाचन आयुक्त ने VDO को लगाई लताड़

राजस्थान में पंचायत चुनाव के बीच मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह का सख्त रुख देखने को मिला। धौलपुर के दिहौली मतदान केन्द्र पर टॉयलेट बंद मिलने और वीडीओ के मौके पर नहीं होने से आयुक्त नाराज हो गए।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 7:51 PM IST
Rajeshwar Singh
Dholpur: मतदान केन्द्र पर वीडीओ से फोन पर बात करते आयुक्त। (फोटो-पत्रिका)

धौलपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के चौथे चरण के मतदान के बीच राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त राजेश्वर सिंह व्यवस्थाओं का जायजा लेने धौलपुर पहुंचे। इस दौरान मतदान केन्द्रों पर बदइंतजामी देखकर उनका पारा चढ़ गया। राजाखेड़ा पंचायत समिति के दिहौली मतदान केन्द्र पर टॉयलेट बंद मिलने और जिम्मेदार अधिकारी के मौके पर नहीं होने पर आयुक्त ने वीडीओ को फोन पर जमकर फटकार लगाई। नाराज आयुक्त ने यहां तक कह दिया- 'मालिक बने बैठे हो क्या? सस्पेंड कर घर बैठा दूंगा।' इसके बाद उन्होंने वीडीओ को अगले मतदान केन्द्र मरैना में उपस्थित होने के निर्देश दिए। वहीं, नायला मतदान केन्द्र पर गंदे गद्दे मिलने पर उन्हें तीन घंटे में बदलने की हिदायत दी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर धौलपुर पहुंचे थे। सर्किट हाउस में अधिकारियों से मुलाकात के बाद वह चौथे चरण के मतदान की व्यवस्थाएं देखने राजाखेड़ा क्षेत्र में पहुंचे। दिहौली मतदान केन्द्र के निरीक्षण के दौरान उन्हें टॉयलेट बंद मिला। इस पर उन्होंने राजाखेड़ा तहसीलदार दीप्ति से जानकारी मांगी, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं। इसके बाद आयुक्त ने वीडीओ के बारे में पूछा तो वह भी मौके पर नहीं मिले।

तहसीलदार ने वीडीओ से कराई बात

तहसीलदार दीप्ति ने वीडीओ बृजमोहन को फोन कर आयुक्त से बात कराई। फोन पर आयुक्त ने बंद टॉयलेट को लेकर सवाल किया तो वीडीओ ने सफाई देने की कोशिश की। इस पर आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि जब व्यवस्थाएं नहीं होंगी तो आलोचना भी होगी। उन्होंने वीडीओ को फटकारते हुए कहा कि मतदान केन्द्र पर न्यूनतम सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे हो। 'मालिक बने बैठे हो क्या तुम?' उन्होंने निर्देश दिया कि पहले मौके पर पहुंचकर टॉयलेट खुलवाओ और इसके बाद मरैना मतदान केन्द्र पर उपस्थित हो जाओ।

'बड़े विचित्र आदमी हो…'

फोन पर बातचीत के दौरान आयुक्त राजेश्वर सिंह का गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने वीडीओ को चेतावनी देते हुए कहा कि मरैना मतदान केन्द्र पर नहीं मिले तो सस्पेंड कर घर बैठा दिए जाओगे। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इस दौरान वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी बातचीत सुनते रहे और माहौल शांत रहा।

नायला में गंदे गद्दे देखकर भी नाराजगी

आयुक्त ने नायला मतदान केन्द्र का भी निरीक्षण किया। यहां गद्दे गंदे और खराब स्थिति में मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तीन घंटे के भीतर गद्दे बदलवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सरकारी स्कूलों में शौचालयों की सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी सवाल खड़े हुए। कई विद्यालयों में नियमित सफाई नहीं होने से विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मतदान केन्द्रों पर भी ऐसी अव्यवस्थाएं चुनावी तैयारियों और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करती हैं।

Updated on:
14 Nov 2026, 7:51 PM IST
Published on: