Dholpur News: धौलपुर में बाइक समेत एक किसान नदी में बह गया। मामला करीलपुरा गांव की रपट का है। फिलहाल, एसडीआरएफ की टीम लगातार तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक किसान का पता नहीं चल सका है।
Dholpur News: धौलपुर जिले में बसेड़ी थाना क्षेत्र के जारगा गांव निवासी 50 वर्षीय किसान विनोद परमार पुत्र सत्यपाल परमार करीलपुरा गांव की रपट पर बाइक समेत किवाड़ नदी में बह गया। इस घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बता दें कि मंगलवार देर शाम को हुए हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन किसान का सुराग नहीं लग सका है।
परिजन ऋषि कुमार ने बताया, किसान विनोद कुमार मंगलवार देर शाम को बाइक पर सवार होकर खेतों पर जा रहा था। रास्ते में करीलपुरा गांव के नजदीक किवाड़ नदी की रपट को क्रॉस करते समय पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने मामले से बसेड़ी उपखंड प्रशासन को अवगत कराया। जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। किसान को रेस्क्यू करने के लिए सर्च ऑपरेशन की शुरुआत की गई। लेकिन मंगलवार देर रात तक किसान का सुराग नहीं लग सका है।
बुधवार सुबह फिर से एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। किसान की तलाश की जा रही है। बाइक समेत किसान पानी के तेज बहाव में डूब गया है। घटना से किसान के परिजनों में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है।