धौलपुर

राजस्थान में डकैती का नया तरीका! रिश्ता देखने के बहाने घर में घुसे, परिवार को बंधक बनाकर दिनदहाड़े वारदात

धौलपुर में डकैती का बेहद शातिर तरीका सामने आया है। युवक का रिश्ता देखने के बहाने महिला और छोटे बच्चे के साथ घर पहुंचे बदमाशों ने परिवार के चार लोगों को बंधक बना लिया। हाथ-मुंह पर टेप चिपकाकर घर खंगाला और नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
2 min read
Jul 29, 2026
Dholpur Crime
Dholpur Crime: घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। (फोटो-पत्रिका)

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले से डकैती का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बदमाश युवक का रिश्ता देखने के बहाने घर में दाखिल हुए और कुछ ही देर में परिवार के चार लोगों को बंधक बनाकर लाखों रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने महिला और छोटे बच्चे को भी अपने साथ रखा, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस इस मामले में प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।

घटना धौलपुर शहर के निहालगंज थाना क्षेत्र स्थित दुर्गा कॉलोनी की है। पीड़ित परिवार के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पांच-छह लोग युवक शाहरुख खान का रिश्ता लेकर घर पहुंचे। उन्होंने खुद को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से आया बताया। उनके साथ एक महिला और करीब दो साल का बच्चा भी था।

परिवार को बनाया बंधक, हाथ-मुंह पर चिपकाया टेप

परिवार वालों के मुताबिक, घर में बैठकर बातचीत के दौरान आरोपियों ने शाहरुख की फोटो खींची और व्हाट्सएप पर कंफर्म करने के बाद बहाने से अंदर ले गए। वहां पहले से मौजूद उसकी मां और दो बहनों को भी धमकाकर एक कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने सभी के हाथ और मुंह पर सेलो टेप लगा दिया, ताकि कोई शोर नहीं मचा सके। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली और तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

रात तक कमरे में कैद रहा परिवार

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद कर चले गए। करीब रात 9 बजे शाहरुख किसी तरह पीछे के रास्ते से बाहर निकलने में सफल हुआ। इसके बाद उसने पड़ोसी के मोबाइल से आगरा में रहने वाले रिश्तेदारों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन धौलपुर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी जाते समय परिवार के तीन मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए।

यह वीडियो भी देखें :

बदमाश छोड़ गए अपना बैग

पुलिस जांच में सामने आया कि जल्दबाजी में आरोपी अपना एक बैग घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने बैग को कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।

प्रॉपर्टी विवाद के एंगल से भी जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात का संबंध हाल ही में उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद क्षेत्र में बेची गई करोड़ों रुपए की संपत्ति से जुड़े विवाद से हो सकता है। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार ने कुछ समय पहले वहां अपनी जमीन बेची थी, जिसके बाद कुछ लोगों से विवाद भी हुआ था। पुलिस इस एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।

एसपी और पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, शहर वृत्ताधिकारी कृष्णराज जांगिड़ और निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। निहालगंज थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। कई टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

Updated on:
29 Jul 2026 07:41 pm
Published on:
29 Jul 2026 07:41 pm