धौलपुर

धौलपुर में शराब ठेके के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन… महिलाओं ने ढोल-मजीरों के साथ गाए भजन, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

Rajasthan News: धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भामतीपुरा मोहल्ले में खुले शराब ठेके के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है।
2 min read
Apr 12, 2025
Unique protest by women against liquor shop in Dholpur

Rajasthan News: धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भामतीपुरा मोहल्ले में खुले शराब ठेके के खिलाफ स्थानीय महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होता जा रहा है। शनिवार को मोहल्ले की महिलाओं ने ढोल-मजीरे और भजन-कीर्तन के साथ अनोखे तरीके से धरना देकर ठेके को बंद कराने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक ठेका नहीं हटेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

महिलाओं ने ठेके के बाहर डाला डेरा

शनिवार सुबह जैसे ही ठेके के शटर खुले, महिलाएं गेट के बाहर बैठ गईं और भक्ति गीतों के माध्यम से विरोध दर्ज कराने लगीं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शांतिपूर्वक तरीके से भजन-कीर्तन किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह से भक्ति और विरोध की भावना से सराबोर नजर आया।

आबकारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे

प्रदर्शन की सूचना पर आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन महिलाओं ने साफ कह दिया कि जब तक ठेका मोहल्ले से हटाया नहीं जाता, वे पीछे नहीं हटेंगी। शुक्रवार को भी विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिस पर शराब ठेकेदार ने कोतवाली थाने में महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ठेके की जगह शैक्षणिक और धार्मिक स्थलों से बेहद करीब है, जिससे मोहल्ले के माहौल पर बुरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि यह नियमों का खुला उल्लंघन है और आने वाली पीढ़ी पर इसका गलत प्रभाव पड़ सकता है।

10 दिन में समाधान का मिला आश्वासन

प्रदर्शनकारी महिलाओं से बातचीत के बाद प्रशासन ने 10 दिन में समाधान का भरोसा दिया है। हालांकि, महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर इस अवधि में ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा। इस दौरान एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा कि हम अपने बच्चों के भविष्य और समाज की मर्यादा के लिए लड़ रहे हैं। यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती।

Published on:
12 Apr 2025 04:09 pm