राजस्थान के धौलपुर जिले में सैंपऊ थाने में घुसकर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने आरोपित को छुड़ाने के बाद थाने में जमकर उत्पात मचाया। 8 महिलाओं समेत 12 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
धौलपुर। सैंपऊ थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब कुछ महिलाओं ने पुलिस से आरोपित को छुड़ाने के बाद थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से न केवल दुर्व्यवहार किया बल्कि एक कांस्टेबल की वर्दी तक फाड़ दी और कुर्सियां फेंककर उत्पात मचाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के अनुसार, सैंपऊ थाना पुलिस गुरुवार दोपहर कस्बा तसीमो में वांछित निरोतीलाल को पकड़ने गई थी। पुलिस टीम का नेतृत्व एएसआई विष्णु कुमार कर रहे थे। जैसे ही पुलिस ने निरोतीलाल को हिरासत में लिया, उसके परिजन- खासकर महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया और हंगामा करते हुए आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ा लिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके से लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि इसके कुछ देर बाद काफी महिलाएं और कुछ पुरुष सैंपऊ थाने पहुंच गए। यहां महिलाओं ने पुलिस कार्रवाई को लेकर हंगामा कर दिया और पुलिस कर्मियो से भिड़ गई। साथ ही कुछेक से हाथापाई कर दी। महिलाओं ने कुर्सी उठाकर फेंकी और आरोप है कि ईंट-पत्थर भी मारे। घटनाक्रम में एक पुलिसकर्मी की वर्दी फट गई और वह चोटिल हो गया।
पुलिस ने इस दौरान एक व्यक्ति को हवालात में बंद कर दिया, जिसे महिलाओं ने छुड़ाने का प्रयास किया। हंगामे की सूचना पर सीओ अनूप सिंह मौके पर पहुंचे और लेकिन महिलाओं का गुस्सा बरकरार रहा। बाद में सीओ ने जैसे-तैसै समझाइश कर मामला शांत कराया। पुलिस ने बाद में हंगामा कर रही करीब 8 से 10 महिलाओं समेत करीब एक दर्जन लोगों को राउंडअप किया है।
सीओ अनूप यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम एएसआई विष्णु कुमार के नेतृत्व में वांछित निरोती लाल को पकड़ने तसीमो गई थी। यहां निरोती के परिजनों ने विरोध कर दिया और उसे छुड़ा लिया। जिस पर पुलिस लौट आई। पीछे से दुर्ग सिंह के साथ महिलाएं और पुरुष थाने पहुंचे और हंगामा कर दिया। पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया और थाने में उत्पात मचाया। सरकारी रिकॉर्ड को फाड़ा और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटनाक्रम में तीन पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं। प्रकरण को लेकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।