डिंडोरी

डिंडोरी में भीषण सड़क हादसा, टैंकर ने 6 लोगों को कुचला, 5 की दर्दनाक मौत

Dindori Accident : बेलगाम दौड़ते टैंकर ने एक ही परिवार के 6 लोगों को बुरी तरह से रौंद दिया है। हादसे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
2 min read
Dindori Accident
डिंडोरी में भीषण सड़क हादसे में 5 की मौत (Photo Source- Patrika)

Dindori Accident :मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक बेलगाम दौड़ते टैंकर ने एक ही परिवार के 6 लोगों को बुरी तरह से रौंद दिया है। हादसे 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। बता दें कि, ये दुखद सड़क दुर्घटना जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर गाड़ा सरई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत किकरा तालाब गांव के पास आधी रात के करीब हुई।

परसवाह गांव में रहने वाला हादसे का शिकार परिवार एक कार्यक्रम से लौट रहा था। इसी दौरान उनके पिकअप ट्रक का टायर पंक्चर हो गया था। टायर बदलने के लिए गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया गया था, जबकि बाकी यात्री पास ही खड़े थे। इसी दौरान अमरकंटक की ओर से एक तेज रफ्तार टैंकर आया और छह लोगों को बुरी तरह टक्कर मारते हुए गुजर गया। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि, टक्कर के चलते दो लोग करीब 10 फीट हवा में उछलकर घिसटते हुए जमीन पर गिरे थे।

एक युवक गंभीर घायल

हादसे के बाद टैंकर लगभग 300 मीटर तक बेकाबू होकर आगे बढ़ता रहा, जिससे उसने रास्ते में कई ढांचों को नुकसान पहुंचाया। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसका फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सड़क किनारे पिकअप का टायर बदल रहे थे

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण पिकअप गाड़ी का टायर पंक्चर होना सामने आया है। टायर बदलने के लिए पिकअप को रात करीब 12:30 बजे सड़क के किनारे खड़ा किया गया था। जब ड्राइवर टायर बदल रहा था, तभी अन्य यात्री गाड़ी से बाहर निकलकर आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी समय अमरकंटक की दिशा से लापरवाही से चलाया जा रहा एक तेज रफ्तार टैंकर इन लोगों से टकरा गया। दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांचों लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, हालांकि वे अलग-अलग गांव में रहते थे।

300 मीटर आगे जाकर रुका टैंकर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर इतनी तेज रफ्तार से आ रहा था कि, वो लोगों को रौंदता हुआ करीब 300 मीटर आगे जाकर रुका। इस दौरान उसने अपने रास्ते में आने वाले एक बिजली के खंभे और एक यात्री शेड को पूरी तरह से तबाह कर दिया।

आर्थिक सहायता की घोषणा

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और एसपी तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से शोकाकुल परिवर संबल योजना के तहत हर मृतक के परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, साथ ही रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से भी अतिरिक्त 50 हजार भी दिए जाएंगे।

Updated on:
12 Apr 2026 10:57 am
Published on:
12 Apr 2026 10:57 am