
Dindori Woman Found Dead: मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के कुटरई गांव में बुधवार को एक महिला का घर में शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना का पता उस वक्त चला जब महिला की बेटी घर पहुंची, शव घर में रखे बिस्तर के नीचे पड़ा हुआ मिला है और साथ ही शव के सिर पर चोट के निशान हैं। महिला का पति फरार है जिसके कारण उस पर ही हत्या का शक जताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार पति की तलाश कर रही है।
कुटरई गांव में रहने वाली 45 वर्षीय कला बाई परस्ते का शव बुधवार को उसके ही घर के अंदर बिस्तर के नीचे पड़ा मिला है। बुधवार को जब कला बाई की शादीशुदा बेटी जानकी परस्ते मां से मिलने के लिए घर पहुंची तो घर पर ताला लगा हुआ था। उसने आस-पड़ोस के लोगों से पूछा लेकिन कोई जानकारी न मिलने पर अपने पास मौजूद दूसरी चाबी से ताला खोला। जानकी घर के अंदर पहुंची तो अंदर बिस्तर के नीचे मां का शव नजर आया। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी और फिर कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला के शव के सिर पर चोट के गंभीर निशान हैं। मृतका कलाबाई का पति कपूर परस्ते फरार है जिसके कारण उस पर हत्या का शक जताया जा रहा है। आशंका है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और इसी दौरान पति ने पत्थर से हमला कर पत्नी की हत्या की और फिर घर में ताला लगाकर फरार हो गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को ये भी पता चला है कि पति कपूर परस्ते जबलपुर में रिक्शा चलाता है और कलाबाई भी कुछ दिन पहले ही घर लौटी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, साथ ही फरार पति की तलाश में जुट गई है। मृतका की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।