
Dungarpur News : सीमलवाड़ा में डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बुधवार शाम धंबोला थाना क्षेत्र का दौरा कर धंबोला थाना एवं सरथूना पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर आमजन से फीडबैक लिया। साथ ही पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बैठक के दौरान एक रोचक लेकिन गंभीर मुद्दा भी सामने आया। भादर निवासी ज्योतिलाल बुझ ने कहा कि जब खाद खरीदने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है, तो शराब खरीदने के लिए ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं? उनका कहना था कि यदि शराब बिक्री आधार से जुड़ जाए तो एक व्यक्ति द्वारा अत्यधिक खरीदारी पर नियंत्रण रहेगा और सामाजिक बुराइयों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा। उनके इस सुझाव पर बैठक में मौजूद लोगों ने भी चर्चा की।
इससे पूर्व सीमलवाड़ा में डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बुधवार शाम धंबोला थाना क्षेत्र का दौरा कर धंबोला थाना एवं सरथूना पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारी सीआई देवेंद्र देवल से लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं सरथूना पुलिस चौकी पहुंचकर चौकी प्रभारी गिरधारी लाल से क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
मध्यप्रदेश सीमा से सटे होने के कारण चौकी क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, त्वरित कार्रवाई करने तथा पुलिस को हर समय एक्शन मोड में रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर पुलिस उप अधीक्षक मदनलाल विश्नोई भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद थाना परिसर में सीएलजी, पुलिस मित्र एवं ग्राम रक्षक दल के सदस्यों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीमलवाड़ा कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, पीठ पुलिस चौकी में स्टाफ बढ़ाने, चौकी भवन का निर्माण शीघ्र शुरू कराने, विवेचनाओं को अधिक प्रभावी एवं निष्पक्ष बनाने, डीजे पर नियंत्रण, सामाजिक बैठकों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, शराब के अड्डों पर कार्रवाई, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को पुनः चालू कराने तथा अवैध मुर्गी-मांस की दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बैठक के दौरान कांग्रेस एवं भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश पंड्या ने कहा कि विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों द्वारा भी पुलिस प्रशासन की सराहना किया जाना, इस बात का प्रमाण है कि पुलिस निष्पक्ष एवं प्रभावी तरीके से कार्य कर रही है।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने कहा कि वर्ष 2025 में जिले में 29 हत्याएं तथा करीब 300 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हुई थी। इनमें से अधिकांश लोगों की जान हेलमेट पहनने से बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि लोग हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान बचाने के लिए पहनें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता का सहयोग भी उतना ही आवश्यक है जितना पुलिस का। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में भाजपा नेता प्रकाश पंड्या, परेश पाटीदार, हबीब भाई फूमती, दिनेश रोत, महेश डामोर, मुकेश खांट, कुंदन सिंह चौहान, नूर आलम खां मकरानी, प्रवीण पाटीदार, रतनलाल कोटेड, धनेश्वर ननोमा, गणेश अहारी, ज्योतिलाल बुझ, गोवर्धनलाल जैन, कीर्ति पंड्या, भाविन पंड्या, रायसिंह डामोर, बिपिन कोठारी, प्रेमनाथ कलासुआ, देवेंद्र दर्जी, रतन सिंह चौहान, रणवीर सिंह, भरत डामोर, मगन लाल डामोर सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र और ग्राम रक्षक मौजूद थे।